महिलाओं को भा रही बनारसी, जरकिन साड़ी
लहंगा भी बना महिलाओं की पसंद। करवा चौथ को लेकर कर रहीं खरीदारी।
सीतापुर : करवा चौथ के लिए बाजार सज गया है। खरीदारी तेज हो गई है। वैसे तो कपड़े, चूड़ी और आभूषण के साथ ही सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ दिख रही है। साड़ी की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है। बाजार में कई किस्म की साड़ियां आ गई हैं, जो कि महिलाएं को लुभा रही हैं। सबसे ज्यादा मांग बनारसी, जरकिन और सिल्क की साड़ियों की है।
करवा चौथ को अब कुछ ही दिन बचे हैं। बाजार में जयपुरी गोटा पट्टी, चंदेरी गोटा पट्टी और बंदेज प्रिट की साड़ियां भी मौजूद हैं। इन दिनों साड़ी की दुकानों पर महिलाओं की खासा भीड़ नजर आ रही हैं। महिलाएं अपने लिए साड़ियां पसंद कर रही हैं। एक साड़ी विक्रेता ने बताया कि महिला सबसे ज्यादा सिल्क साड़ी की मांग कर रही हैं। इसके साथ ही लहंगा भी डिमांड में है।
आनलाइन कर रहीं खरीदारी :
आनलाइन में भी महिलाएं खासा रुचि ले रही हैं, वह घर बैठे ही साड़ियां पसंद कर मोबाइल से आर्डर दे रही है। विभिन्न कंपनियों ने त्योहार को देखते हुए आकर्षक छूट दे रखी है। इससे साड़ियों की आनलाइन मांग भी बढ़ गई है। सिल्क और कैटवाक साड़ी के अलावा गाउन और क्राप टाप, गरारा, कुर्ती और प्लाजो भी खूब खरीदा जा रहा है। गृहणी पूजा ने बताया कि वह अपनी साड़ी के साथ सास के लिए भी आर्डर की है।
खिले व्यापारियों के चेहरे :
पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण की मार थी। बाजार में रौनक नहीं थी। ग्राहकों के न आने से व्यापारी निराश थे। इस साल हालात सामान्य हुए तो खरीदारी बढ़ गई। बाजार में ग्राहकों के आने से व्यापारी भी खुश नजर आ रहे हैं। एक कपड़ा व्यवसायी ने बताया पिछला वर्ष घाटे में रहा अबकी त्योहार में लाभ की उम्मीद की जा सकती है।