यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संपत्ति के लिए भाई को मार डाला

महोली / सीतापुर: गुरुवार को महोली कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक भाई ने कुछ साथियों की मदद से अपने ही सगे भाई को मार डाला। नाराजगी बस इतनी थी कि बड़े भाई ने छोटे भाई को जमीन दे दी। तीसरा भाई इसी बात को लेकर नाराज हो गया और कत्ल कर डाला।
महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मढि़या निवासी 40 वर्षीय विजय कुमार यादव अविवाहित था। गुरुवार की दोपहर वह खाना बना रहा था। उसी दौरान मझला भाई चंद्र कुमार अपने कई अन्य साथियों के साथ हथियार बंद होकर आ धमका। इससे पहले कि विजय कुछ समझ पाते। चंद्र कुमार व उसके साथियों ने विजय की पिटाई शुरू कर दी और आंगन से खींचते हुए घर के बाहर ले आए। यहां पिटाई कर रहे लोगों ने अवैध तमंचे से विजय को गोली मार दी। जिसके बाद धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार किए। चीख व धांय की आवाज सुनते ही गांव के लोग शोर मचाते हुए घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। भीड़ को अपनी तरफ बढ़ते देख चंद्र कुमार व उसके साथी वहां से फरार हो गए। गांव के लोग जब वहां पहुंचे, तब तक हमलावर पक्ष विजय कुमार को मौत के घाट उतार चुका था। घटना के संबंध में विजय के छोटे भाई रंगीला यादव ने अपने मझले भाई चंद्र कुमार यादव, भतीजे शेरू व चंद्र कुमार के समधी हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम औथना निवासी महेश्वर आदि के खिलाफ महोली कोतवाली में तहरीर दी है। रंगीला ने पुलिस को बताया कि हाल ही में विजय कुमार यादव ने अपने हिस्से से 1 बीघा जमीन रंगीला के नाम की थी। इसी बात को लेकर चंद्र कुमार भड़क गया और उसने विजय कुमार की हत्या कर दी। घटना की जानकारी पाकर सीओ सदर अरुण चंद्र, प्रभारी निरीक्षक नरेश चंद्र जौहरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी ने अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। वहीं बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
