यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
विद्यालय में एक दर्जन से अधिक छात्र बीमार

सीतापुर: बिसवां विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बन्नी घुराइन के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले एक दर्जन से अधिक बच्चे जेट्रोफा खाने के कारण बीमार पड़ गए। बीमार बच्चों का क्षेत्र के गया प्रसाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार हुआ। मामले की सूचना पाकर देर शाम एसडीएम बिसवां, प्रभारी सीएमओ व एमडीएम डीसी मौके पर पहुंचे और बच्चों का हालचाल लिया।
पूजा, सीता, अवधेश, पुनीत, विनीता, पूनम, मुनीष, अमित, फुरकान, रजनीश, अनामिका, अल्लन, रजनू, अलका, अंशिता, रोहित प्राथमिक विद्यालय में बन्नी घुराइन में पढ़ते हैं। बुधवार को विद्यालय में एमडीएम में तहरी बनी थी। इन बच्चों ने मध्यावकाश में स्कूल के बाहर लगे जेट्रोफा के फल व पत्तियों को खा लिया। जिसके कुछ देर बाद उनको उल्टी दस्त महसूस हुआ। जिस पर प्रधान राजेश यादव ने 108 नंबर एम्बुलेंस को सूचना दी। जिसके माध्यम से बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे तहरी खाने से बीमार हुए वहीं प्रधान राजेश यादव का कहना है बच्चों ने जेट्रोफा खा लिया था जिसके चलते वह बीमार हुए हैं। देर शाम एसडीएम बिसवां सर्वेश गुप्ता, प्रभारी सीएमओ डॉ. बी राम व एमडीएम जिला समन्वयक बृज मोहन सिंह गांव पहुंचे। यहां पहुंच उन्होंने बच्चों का हालचाल लिया। एमडीएम डीसी ने बताया बच्चों का स्वास्थ्य तहरी खाने से खराब हुआ है या जेट्रोफा खाने से इस मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी प्रधानाध्यापक, एनपीआरसी, बीआरसी सहित बीईओ के द्वारा सूचना न दिए जाने को लेकर कारण बताओ नोटिस दी जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
