रोडवेज बस की सवारी से कन्नी काट रहे यात्री
यात्रियों की जांच न ही इंतजाम स्टॉफ में भी मास्क के उपयोग का अभाव परिसर में सीसी कैमरे भी नहीं लगे
सीतापुर : मंगलवार दोपहर के 12 बज रहे थे। रोडवेज बस अड्डे के बाहर कई चालक-परिचालक यात्रियों के लिए लखनऊ-लखनऊ..लखीमपुर-लखीमपुर आवाज लगा रहे थे। लखनऊ जाने वाली एक बस पर आठ सवारियां बैठीं भी थीं। कई बुजुर्गवार भी थे। बस में सवार कई यात्री बिना मास्क के थे। कैमरा देख, कुछ बुजुर्गों ने गमछा तो महिलाओं ने पल्लू मुंह पर लगा लिया। परिचालकों ने बताया, थर्मल स्क्रीनिग के इंतजाम रोडवेज पर अभी नहीं हैं। टिन शेड में कुर्सियों पर बैठे लोग भी बिना मास्क के ही थे। कर्मी भी ऐसे ही दिख रहे थे। मनोज ने कहा, डेढ़ घंटा हो गया है लखीमपुर बस जा रही है पांच सवारी मिली हैं।
मंगलवार को कुछ ऐसी रही स्थिति
6.00 बजे 11 यात्री लेकर कानपुर रवाना हुई बस।
6.25 बजे 40 यात्री लेकर लखीमपुर गई बस।
7.35 बजे 24 यात्री लेकर आगरा के लिए निकली बस।
7.45 बजे 5 यात्री लेकर लहरपुर, तंबौर, काशीपुर गई बस।
यात्रियों का अभाव
बस स्टेशन प्रभारी के मुताबिक, सुबह 11 बजे कुल 28 बसें अड्डे से निकली थीं। इसमें 23 अनुबंधित व पांच परिवहन निगम की बसें हैं। इसी तरह अनलॉक-1 के पहले दिन सोमवार को पूरे दिन में 28 बसें अड्डे से निकल पाई थीं। बसों की संख्या कम होने का कारण यात्रियों का अभाव होना है।
बस अड्डे पर बैरीकेडिग कराई है। सीसी कैमरा खरीदे जा रहे हैं। यात्रियों के तापमान जांचने के इंतजाम हो रहे हैं। अभी यात्री कम निकल रहे हैं।
- विमल राजन, एआरएम