जुलूस से जलाई आंदोलन की मशाल
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने निकाला जुलूस
सीतापुर: कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण न होने से आहत राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मशाल जुलूस निकालकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। हजारों की संख्या में कर्मचारियों ने हाथों में मशाल लेकर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। समस्या समाधान न होने की दशा में सड़क पर उतरने की हिदायत भी दी। जुलूस के बाद कर्मचारियों ने एडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। राज्य कर्मचारी संगठन लंबे समय से 17 सूत्री मांगों के निराकरण के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को कर्मचारी संघ अध्यक्ष आलोक मिश्रा व जिला मंत्री विनय कुमार सिंह की अगुवाई में सभी विभागों के कर्मचारियों ने मशाल जुलूस निकाला। जुलूस विकास भवन से शुरू होकर लालबाग होते हुए डीएम कार्यालय के पास समाप्त हुआ। जुलूस के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।