खेल-खेल में युवक को पेड़ से बांधा, बर्र के काटने से मौत
-साथियों की कारस्तानी से युवक की चली गई जान।
सीतापुर : रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में एक युवक को खेल-खेल में पेड़ से बांधना महंगा पड़ गया। दरअसल, पेड़ में बांधने के बाद बर्र के छत्ते को छेड़ दिया। बर्र के काटने से युवक की मौत हो गई।
सधुवापुर निवासी रियाज अपने साथी अशफाक निवासी करीमपुरवा के साथ बांसुरा पॉवर हाउस के निकट यूकेलिप्टिस का पेड़ काटने पर गया था। दोनों ठेके पर लकड़ी काटने का काम करते हैं। वहां पर साथी ठेकेदार नंगू, राजेश, लाले, तैयब ने मिलकर रियाज को खेल-खेल में यूकेलिप्टिस पेड़ से बांध दिया। पेड़ में काली व पीली बर्र का छत्ता लगा था। इन लोगों ने छत्ते को लकड़ी से छेड़ दिया। बर्र छत्ते से उड़ी और रियाज को काटने लगीं। रियाज बचाने के लिए तड़पता रहा लेकिन, उसके साथी मदद के लिए नहीं पहुंचे। बताया जाता है कि बड़ी संख्या में रियाज के शरीर पर बर्र ने काट लिया। रियाज इससे बेहोश हो गया। यह देखकर साथी भाग गए। राहगीर व खेत में काम करने वालों ने देखा तो मौके पर पहुंचे। जब बर्र अपने आप चली गईं तो लोगों ने उसे पेड़ से खोला और परिवारजन को सूचना दी। परिवारजन रियाज को सीएचसी महमूदाबाद ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में रियाज की मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र मिश्र ने बताया कि परिवारजन ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।