विशेष परिस्थितियों से निपटने को तैयार स्पेशल दस्ता
दंगा उपकरण इंसास रायफल व अन्य अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किए गए हैं जवान। हर मुस्तैद करखने के लिए पुलिस कर रही तैयारी।
सीतापुर : आमजन को सुरक्षित रखने को पुलिस ने जिले में स्पेशल दस्ता तैयार किया है। जिले में लॉ-एंड-ऑर्डर की समस्या से निपटने में सक्षम स्पेशल टीम में 15 जवान हैं। ये पल भर में स्थिति को नियंत्रित करने में सक्षम हैं। भीड़ को कैसे हटाना है। दंगाई पर कैसे काबू पाना है। ये सब इन जवानों को बखूबी मालम है। 5.56 इंसास रायफल से लैस ये जवान विभिन्न थानों से चिह्नित किए गए हैं। सोमवार को प्रतिसार निरीक्षक इन जवानों को एसपी कार्यालय परिसर में ट्रेनिग दे रहे थे। बताया, सावन चल रहा है। बकरीद भी आने वाली है। इसलिए स्थिति को भांपते हुए इन जवानों को तैयार किया गया है। इन्हें उच्च स्तर की ट्रेनिग दी गई है। ये जवान निहत्थे होने पर भी आठ से दस लोगों पर भारी पड़ेंगे। प्रतिसार निरीक्षक चंद्र प्रकाश मिश्र के मुताबिक, ये जवान हर परिस्थिति में सक्षम हैं और स्थिति को पल भर में ही सामान्य करने में कारगर हैं। अब ये जवान जिले में लॉ-एंड-ऑर्डर को दुरुस्त रखने में निपुण हो गए हैं। जवानों को दंगा नियंत्रण के उपकरणों से लैस किया गया है। हेलमेट, बुलेट प्रूफ जैकेट, लॉग बूट के साथ चहल कदमी करते देखे जा रहे हैं। प्रतिसार निरीक्षक बताते हैं कि भारतीय राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) प्रभावी होने पर विरोधियों से निपटने को भी इसी तरह की टीम को तैयार किया गया था।
दस्ता में शामिल जवान
विशेष टुकड़ी के 15 जवानों में एक सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल, 10 कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल को शामिल किया गया है।
एसपी के स्कॉर्ट में शामिल है विशेष दस्ता
स्पेशल दस्ता में शामिल जवानों को एसपी के स्कॉर्ट में शामिल किया गया है। जिले में वीआइपी को कवर करने और उसे पूरी तरह से सुरक्षित करने को इन्हीं विशेष ट्रेनिग पाए जवानों को जिम्मा दिया जाता है।