सीतापुर में युवती की हत्या कर शव फेंका... शरीर पर मिले गहरे घाव, ऑनर किलिंग का शक
सीतापुर के संदना में लवली पुलिया के पास एक युवती का शव मिला, जिसके सिर पर गहरे घाव थे। पुलिस ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जागरण, सीतापुर। संदना की लवली पुलिया के पास बुधवार सुबह युवती का शव मिला। सिर पर गहरे घाव थे। बताया जा रहा है कि गुप्तांग पर भी चोट के निशान थे। पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया तो उसने सच बताते हुए छोटे बेटे पर हत्या का मुकदमा लिखवाया।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि इसमें पूरा परिवार शामिल है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अभी मुकदमा में परिवार के अन्य नाम बढ़ेंगे। यह ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच के बाद असल वजह सामने आने की बात कह रही है।
शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी। काफी देर तक पुलिस पहचान नहीं कर पाई। इसी बीच शव के कुछ दूरी पर एक मोबाइल पड़ा मिला। इसके बाद शव की पहचान मछरेहटा के सतनपुर गांव की युवती के रूप में हुई।
पुलिस को कुछ ही समय में घटना की प्रवृत्ति समझ में आ गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि युवती की हत्या उसके छोटे बेटे ने की है। उसने उसके विरुद्ध तहरीर भी दी।
पुलिस की पूछताछ जारी थी। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिस को घुमाने की कुचेष्टा कर रहा है। इस घटना में पूरे परिवार के शामिल होने की आशंका है। इसको लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। युवती की मां के साथ ही भाई भागे हुए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटी मिली
युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट निर्ममता से हत्या करने की आई है। रिपोर्ट में निकला है कि युवती की हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर ताबड़तोड़ करके की गई है। इससे उसके सिर की हड्डियां टूट गई हैं।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस साक्ष्य जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि हत्या करके शव किसी वाहन से लवली पुलिया तक लाया गया है।
परिवारजन ने ही युवती की हत्या की है। पिता की तहरीर पर छोटे भाई पर मुकदमा लिख लिया गया है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अभी परिवार के अन्य सदस्यों का नाम भी शामिल किया जाएगा।
दुर्गेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक-दक्षिणी
