विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर में LPG की कालाबाजारी रोकने को फील्ड में उतरे अधिकारी, एक घर से 10 सिलिंडर बरामद

Published: Fri, 13 Mar 2026 08:24 AM (IST)

सीतापुर में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। लहरपुर में उपजिलाधिकारी ने एक घर से वाणिज्यिक सहित दस सिलिंडर बरामद किए।

छापेमारी के दौरान बरामद किए गए सिलिंडर। जागरण

छापेमारी के दौरान बरामद किए गए सिलिंडर। जागरण

HighLights

  1. लहरपुर में एक घर से 10 गैस सिलेंडर बरामद।

  2. कालाबाजारी रोकने को जिलाधिकारी, एसपी ने किया निरीक्षण।

  3. जिला पूर्ति कार्यालय में शिकायत के लिए कंट्रोल रूम।

संवाद सूत्र, जागरण, सीतापुर। गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी रोकने को लेकर अधिकारी फील्ड में उतर गए हैं। गुरुवार को उपजिलाधिकारी लहरपुर ने छापेमारी के दौरान एक घर से कामर्शियल समेत दस सिलिंडर बरामद किए। पूर्ति विभाग की ओर से प्रकरण की जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल गुरुवार सुबह से ही फील्ड पर निकल लिए थे। दोनों अधिकारियों ने नगर के सिविल लाइंस की आशीर्वाद गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। आपूर्ति और वितरण का लेखा-जोखा देखा। जिलाधिकारी ने नियमानुसार वितरण करने के निर्देश दिए।

कहा, उपभोक्ताओं को किसी भी हाल में परेशानी न होनी दी जाए। उधर, मिश्रिख, बिसवां, सिधौली, महोली, महमूदाबाद और लहरपुर के उपजिलाधिकारियों ने भी छपेमारी की।

इसमें लहरपुर की उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम ने और क्षेत्राधिकारी आलोक प्रसाद ने मुहल्ला ठठेरीटोला के लईक अहमद के घर में छापा मारा। इनके घर से एक कामर्शियल और नौ घरेलू सिलिंडर बरामद किए गए। इनमें तीन भरे और शेष खाली थे। पूर्ति निरीक्षक कविता वर्मा ने बताया जांच चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति कार्यालय में बना कंट्रोल रूम
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित करा दिया गया है। कंट्रोल रूम सुबह 10 बजे से लेकर रात 11 बजे तक सक्रिय रहेगा।

जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 10 से शाम चार बजे तक पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह ड्यूटी पर रहेंगे। इनका मोबाइल नंबर 8756738545 है। शाम चार बजे से रात 11 बजे तक पूर्ति निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ड्यूटी पर रहेंगे। इनका फोन नंबर 7355977158 है। बताया, इन मोबाइल नंबर पर कोई भी शिकायत दर्ज करा सकता है और सूचना दे सकता है।

मिश्रिख मेला के दुकानदार परेशान
गैस की किल्लत से मिश्रिख मेला की रौनक फीकी पड़ गई है। कई दुकानदारों ने दुकानें समेट दी हैं। दुकानदारों को गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि उन्हें सिलिंडर उपलब्ध कराने में प्रशासन सहयोग भी नहीं कर रहा है। ऐसे में दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं। कुछ दुकानदार भट्ठियों से काम चला रहे हैं।