विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर में गणेश उत्सव के दौरान रेलिंग गिरने से महिला की मौत, 10 लोग घायल

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:35 PM (IST)

सीतापुर में गणेश उत्सव के दौरान एक पुरानी रेलिंग तिरपाल पर पानी जमा होने के कारण ढह गई, जिससे एक ...और पढ़ें

आर्यनगर के पंजाबी धर्मशाला में रेलिंग गिरने से गणेश पंडाल परिसर में पड़ी ईंटें

आर्यनगर के पंजाबी धर्मशाला में रेलिंग गिरने से गणेश पंडाल परिसर में पड़ी ईंटें

HighLights

  1. सीतापुर में गणेश उत्सव के दौरान पुरानी रेलिंग ढही।

  2. तिरपाल में पानी भरने से वजन बढ़ा, हादसा हुआ।

  3. एक महिला की मौत, दस लोग गंभीर रूप से घायल।

संवाद सूत्र, सीतापुर। करीब 40 वर्ष पुरानी रेलिंग पर गणेश उत्सव के लिए तिरपाल बांधना बुधवार को जानलेवा साबित हो गया। बारिश के कारण तिरपाल में पानी भरने से उसका वजन बढ़ गया। रेलिंग भरभराकर ढह गई।

रेलिंग की ईंटें वहां उपस्थित लोगों के सिर पर गिर गिरीं। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। सिर में गंभीर चोट के चलते सभी घायलों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने घटना की जांच कराने की बात भी कही है। गणेश उत्सव के आयोजन के लिए आर्यनगर के पंजाबी धर्मशाला के आंगन में पहली मंजिल की रेलिंग से तिरपाल बांधा गया था।

बुधवार को बारिश के दौरान तिरपाल पर पानी जमा होता रहा। वजन बढ़ने के चलते रेलिंग ढह गई। इसमें आर्यनगर की निधि कोहली, मोनिका गुप्ता, नीलम कोहली, मीना कोहली, उमा देवी, निधी मेहरोत्रा, उमा कपूर व अश्वनी मिश्र और विजय लक्ष्मीनगर की विनी कोहनी, अदिति बाजपेयी व सची घायल हो गईं।

घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उमा कपूर को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में कुछ लोगों को आंशिक चोट भी आई है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी रेलिंग पर तिरपाल बांधने से पहले उसकी मजबूती की जांच की जानी चाहिए थी।

यह भी पढ़ें- सीतापुर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में ई-कोलाई युक्त पानी से छात्राएं बीमार, जांच में लापरवाही