सीतापुर में बाढ़ का कहर जारी, घाघरा नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत
सीतापुर के रामपुर मथुरा में घाघरा नदी के नाले में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। बाढ़ ...और पढ़ें

HighLights
रामपुर मथुरा के केवड़ा गांव में हादसा।
घाघरा नदी के नाले में डूबने से मौत।
बाढ़ पीड़ितों को मिलेगी सरकारी सहायता।
जागरण टीम, सीतापुर। बैराजों से पानी छोड़ने का क्रम लगातार जारी है। हालांकि, अब पानी की मात्रा में आंशिक रूप से कमी आने लगी है। मंगलवार को 4,32,830 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जोकि सोमवार को छोड़े गए पानी के सापेक्ष 26,689 क्यूसेक कम था। हालांकि अब भी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के काफी करीब है।
घाघरा (सरयू) का जलस्तर 119 मीटर के सापेक्ष 118.80 मीटर पर पहुंच गया, जबकि शारदा नदी खतरे के निशान 135.49 मीटर से 0.34 मीटर नीचे बह रही है। खेतों व गलियों में अभी भी पानी जमा हुआ है। बुधवार को रामपुर मथुरा के ग्राम केवड़ा में खेत देखने जा रहे दो चचेरे भाइयों की घाघरा नदी के नाले में गिरकर डूबने से मौत हो गई। रेउसा के तटवर्ती गांवों में नदी का पानी मार्गों पर बह रहा है।
रामपुर मथुरा: घाघरा नदी के तेज बहाव ने दो चचेरे भाईओं के डूबने से मौत हो गई। केवड़ा के कुन्नेलाल का 12 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र अपने चचेरे भाई 25 वर्षीय संजय पुत्र कल्लू, के साथ खेत देखने के लिए जा रहा थे। दोनों बच्चू पुरवा से निकले नाले के पास पहुंचे। यहां सुरेंद्र का संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया, उसे बचाने के लिए संजय भी कूद गए।
बहाव काफी तेज था जिसमें दोनों बह गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिवारजन, तहसील प्रशासन व पुलिस महकमे को दी। इसके बाद एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी, तहसीलदार उमाशंकर त्रिपाठी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नाले से बाहर निकाला गया।
एसडीएम ने बताया कि दैवीय आपदा के तहत मृतकों के आश्रितों को सरकार के नियमानुसार चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने के लिए राजस्व टीम को आवश्यक दस्तावेज तत्काल तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
रामपुर मथुरा: घाघरा के तटवर्ती गांव लोधन पुरवा, बचऊ पुरवा, नागेश्वर पुरवा, प्यारे पुरवा और अंगरौरा गांव में सड़कों पर जलभराव के कारण आवागमन अब भी प्रभावित है। घरों में पानी भर जाने से राशन और गृहस्थी का सामान भीग गया है।
एडीएम आयुष चौधरी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर तहसील प्रशासन को ग्रामीणों की सहायता के निर्देश दिए। एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को 12 सौ भोजन पैकेट वितरित किया गया है जल्द ही राशन किट भी वितरित की जाएंगी।
रेउसा: घाघरा नदी के तटवर्ती गांवों में दुर्गा पुरवा, आशाराम पुरवा, बंशी पुरवा, मेउडी छोलहा,श्री राम पुरवा, सोमवारी पुरवा में संपर्क मार्ग नाले और खेतों में पानी भर गया है। आवागमन सहित पशु चारे की चिंता बढ़ गई है।तहसीलदार बिसवां अनिल कुमार राम ने नदी के तटवर्तीय गांवों का निरीक्षण किया तथा लोगों को नदियों से दूर रहने के लिए कहा है।
बैराजों की स्थिति
- बनबसा - 99,214 क्यूसेक
- शारदा - 149878 क्यूसेक
- गिरजा - 183738 क्यूसेक
