विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी करना है तो सही से करो नहीं तो साइड लाइन कर दूंगा... सीतापुर में जिलाधिकारी ने लगाई कानूनगो को फटकार

Published: Sat, 17 Oct 2026 09:17 PM (IST)

सीतापुर में समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने कानूनगो सुशील कुमार त्रिपाठी को भूमि विवाद के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. डीएम ने कानूनगो को लापरवाही पर लगाई फटकार।

  2. समाधान दिवस में भूमि विवाद की शिकायतें मिलीं।

  3. कुल 359 शिकायतों में से 52 का निस्तारण हुआ।

जागरण संवाददाता, सीतापुर। नौकरी करना है तो सही से करो नहीं तो साइड लाइन कर दूंगा। नाराज जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने यह बात कानूनगो सुशील कुमार त्रिपाठी से कही। मरेली के मुनेंद्र कुमार ने मिश्रिख तहसील में समाधान दिवस में जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर बताया, साहब...दबंगों ने सरकारी भूमि गाटा संख्या 792 पर कब्जा कर फसल बो रखी है, उस पर लगा पेड़ भी काट लिया है।

कई बार शिकायत की लेकिन कोई निस्तारण नहीं हुआ है। यह सुनकर जिलाधिकारी ने कानूनगो को तलब कर फटकार लगाई। कुछ पल के लिए सभागार में सन्नाटा छा गया। गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत डेंगरा के नंद शंकर ने सचिव, रोजगार सेवक पर आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में आवास मिला था। मजदूरी अभी तक नहीं मिली, जाब कार्ड भी दूसरे के नाम चढ़ा दिया गया है। तीन वर्ष से पंचायत भवन बंद है, करीब पांच बार शिकायत की। जिलाधिकारी ने बीडीओ से मामले का निस्तारण कर रिपोर्ट देने को कहा।

सैदापुर के महावीर ने बताया हमारी जमीन की पैमाइश नहीं हो रही है। कानूनगो से कहा तो वह सुनते नहीं। कानून गो से मामले का त्वरित निस्तारण करने को कहा।रामगढ़ की तारावती ने बताया खरीदी गई जमीन पर से खातेदार कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। तहसीलदार को निस्तारण के निर्देश दिए। जिले भर में 359 शिकायतें आईं, जिसमें से 52 का मौके पर निस्तारण किया गया, 307 शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया।

तहसील कुल शिकायत मौके पर निस्तारित
मिश्रिख 105 10
सदर 58 06
महाेली 18 03
बिसवां 36 05
महमूदाबाद 24 05
लहरपुर 76 18
सिधौली 42 05