दुकानदार को रुपये नहीं मिले तो सचिव को जेल भेजा जाए, डीएम सीतापुर के निर्देश पर ठिठके रह गए अधिकारी
सीतापुर के डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने थानगांव थाने में जनसुनवाई की, जहां उन्होंने पंचायत भवन के बकाया भुगतान न होने पर सचिव को जेल भेजने का निर्देश दिया।

थानगांव थाने में संपूर्ण थाना समाधान दिवस में शिकायत सुनते डीएम डा़ राजा गणपति आर। जागरण
HighLights
डीएम ने बकाया भुगतान न होने पर सचिव को जेल भेजने का आदेश।
मठ की 500 बीघा जमीन पर कब्जे की जांच के निर्देश दिए।
जिले में 432 शिकायतों में से केवल 55 का ही निस्तारण।
जागरण टीम, सीतापुर। साहब... पांच साल पहले सचिव ने पंचायत भवन निर्माण के लिए दुकान से सामग्री खरीदी थी, जिसका 2,35,585 रुपये भुगतान मिलना था। मगर केवल 47,590 रुपये ही दिए गए हैं।
लगातार ब्लाक के चक्कर लगा रहे हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पैसे देने का केवल आश्वासन दिया जाता है। इससे दुकान भी बंद होने की कगार पर पहुंच गई है। साहब हमारा पैसा दिला दो।
उक्त शिकायत मेउढ़ी सेलहा के जगदीश ने जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से थानगांव थाने में संपूर्ण थाना समाधान दिवस में की।
जिलाधिकारी ने रेउसा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रवीण जीत को फोन कर निर्देश दिया कि तत्काल सचिव से दुकानदार को बकाया रुपये दिलवाएं। अगर सचिव रुपये देने में आनाकानी करें तो मुकदमा दर्ज कराने के साथ जेल भेज दें।
इसी क्रम में चकदहा गांव निवासी शिवराज पुरी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके मठ की करीब 500 बीघा जमीन है। कुछ लोग कब्जा कर उसे बेच रहे हैं। जिलाधिकारी ने एसडीएम को प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कहा कि उक्त जमीन की जांच कर सरकार में निहित कराएं।
ग्रामीणों ने थानगांव में बिजली समस्या को लेकर जिलाधिकारी को जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता महमूदाबाद एसके वर्मा से फोन कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
जिले के विभिन्न थाना व कोतवाली में करीब 432 शिकायतें आई, जिसमें महज 55 का ही निस्तारण हो सका। थानगांव में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, एसडीएम बिसवां राहुल सिंह आदि भी उपस्थित रहे।
पांच में से सिर्फ एक का ही निस्तारण
बीहट बीरम: मछरेहटा थाने में दारोगा गजेंद्र खरवार ने संपूर्ण थाना समाधान दिवस सुनवाई की। हड़ताल के चलते लेखपाल जनसुनवाई में नहीं पहुंचे। पहाड़पुर के प्रधान राहुल सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है कि गांव में चकमार्ग पर कब्जाकर खेत में मिला लिया गया है।
चकमार्ग बंद होने से गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। लोग खेत तक नहीं पहुंच पाते। बीहट बीरम के छोटेलाल ने अपने भाई पर ही मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। थाने में कुल पांच प्रार्थना पत्र आए, इसमें से सिर्फ एक का ही निस्तारण हो सका।
