विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन पर बहन को दें सुरक्षित भविष्य का तोहफा, सिर्फ 250 रुपए में खुलवाएं 'सुकन्या समृद्धि' खाता; पाएं शानदार रिटर्न

Published: Fri, 14 Aug 2026 04:16 PM (IST)

सीतापुर डाक विभाग रक्षाबंधन पर 'सुकन्या समृद्धि महा अभियान' चला रहा है, जिसमें बहन को न्यूनतम 250 रुपये से खाता खोलकर उपहार दिया जा सकता है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. डाक विभाग का 'सुकन्या समृद्धि महा अभियान' 29 अगस्त तक।

  2. न्यूनतम 250 रुपये से सुकन्या समृद्धि खाता खोलें।

  3. राखी भेजने हेतु 24 घंटे बुकिंग, 10% डाक छूट।

संवाद सूत्र, सीतापुर। भाई-बहन के पवित्र स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहनों को उपहार दे सकते हैं। डाक विभाग की ओर से रक्षाबंधन को लेकर 29 अगस्त तक ‘सुकन्या समृद्धि महा अभियान’ चलाया जा रहा है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है।

ऐसे में अभिभावक अपनी बेटियों भाई अपनी बहनों के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर उपहार के रूप में पासबुक भेंट कर सकते हैं। योजना के तहत मात्र 250 रुपये की न्यूनतम राशि से खाता खोला जा सकता है।

वर्तमान में योजना पर 8.2 प्रतिशत ब्याज दर निर्धारित है। साथ ही योजना में जमा राशि और मिलने वाले लाभ पर आयकर नियमों के अनुसार कर संबंधी लाभ भी मिलता है। प्रधान डाकघर, उप डाकघरों व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष डाक शिविर लगाकर योजना की जानकारी देने के साथ खाते खुलवाए जाएंगे। सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए बेटी व अभिभावक का आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर नजदीकी डाकघर में पहुंचकर खाता खुलवा सकेंगे।

यह भी पढ़ें- अब बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील खाएंगे अधिकारी, रोजाना होगी स्कूलों की जांच; आदेश जारी

राखी भेजने को डाकघर में 24 घंटे बुकिंग सुविधा

रक्षाबंधन पर्व पर बहनों तक राखी पहुंचाने के लिए सीतापुर प्रधान डाकघर में राखी की बुकिंग के लिए 24 घंटे सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उप डाकघरों में राखी लिफाफा मात्र 10 रुपये में उपलब्ध है।

डाक-वस्तुओं पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। छूट का लाभ लेने के लिए लिफाफे पर “राखी मेल” स्पष्ट रूप से अंकित होना जरूरी है। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट बुक करा सकता है।

रक्षाबंधन के अवसर पर अभिभावक की ओर से बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर आर्थिक आधार तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा राखी बुकिंग सेवा के लिए काउंटर लगाया गया है।

                                                                       राजेश तिवारी, डाक अधीक्षक सीतापुर मंडल