रुक-रुक बारिश, ओले भी गिरे
सीतापुर: सर्द मौसम में शुक्रवार का दिन आम जनमानस के लिए तकलीफ देह रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाय
सीतापुर: सर्द मौसम में शुक्रवार का दिन आम जनमानस के लिए तकलीफ देह रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाये हुए थे। दस बजते ही आसमान से बारिश होने लगी। सुबह से शुरू हुआ बारिश क्रम पूरा दिन रुक-रुक कर चलता रहा। इस दौरान चली हवाओं ने सभी को कंपाकर रख दिया। इस मौसम से सरसों किसान बेहद ¨चतित नजर आए। किसानों का कहना है कि इस बारिश की वजह से दलहनी फसलों को नुकसान हो रहा है।
इस बारिश के दौरान सबसे भयावह स्थिति वह रही, जब आसमान में चमकने वाली बिजली तेज गर्जना के साथ जमीन पर गिरती रही। पूरे जिले में करीब दर्जन भर से अधिक स्थानों पर बिजली गिरी है। पांच लोगों की मौत हो गई, दो लोग झुलस गए। थाना, घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। छप्पर भी जलकर राख हो गए। बारिश का हाल यह था, कि शहर में हर तरफ कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहा था। जिला अस्पताल के मुख्यद्वार पर जलभराव था। शहर की बाजार में भी जलभराव व कीचड़ देखने को मिला। हवा चलने की वजह से सरसों के फूल झड़ गए और फसलें लोट गईं। किसानों का कहना था कि खेत में पानी भरने से मटर,चना, मसूर आदि फसलें प्रभावित हो रही हैं। स्कूली बच्चों को इस बारिश भरे मौसम में खासी तकलीफ हुई। बच्चे भीगते हुए स्कूल गए और छुट्टी होने पर उसी तरह से वापस घर लौटे। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। कई स्थानों पर ओले गिरे। हालांकि इनका आकार छोटा रहा। गोंदलामऊ, संदना, रामकोट, कमलापुर, सरैयां आदि क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर छोटे आकार के ओले गिरे। इससे सरसों, आलू, मसूर, मटर आदि की फसलों को नुकसान की आशंका है। इस बारिश से केवल गेहूं व गन्ने की फसल को ही लाभ है।