पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने किया स्नान
चक्र तीर्थ व गोमती में स्नान कर ललिता देवी के दर्शन किए।
नैमिषारण्य (सीतापुर) : चैत्र माह की पूर्णिमा पर शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं ने नैमिषारण्य पहुंचकर चक्र तीर्थ व आदि गंगा गोमती नदी में स्नान कर विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन पूजन किए। सनातन धर्म में चैत्र मास नव वर्ष का प्रथम महीना है। इस माह की पूर्णिमा को अत्यंत पवित्र माना गया है। इस दिन तीर्थ व नदी में स्नान की परंपरा है। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने चक्रतीर्थ, गोमती के राजघाट, देवदेवेश्वर घाट, रुद्रावर्त आदि स्थानों पर स्नान किया और पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद ललिता देवी मंदिर में माता को छत्र, चूनर, प्रसाद चढ़ाकर परिवार के कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने नैमिषारण्य अन्य मंदिरों भूतनाथ बाबा, व्यासगद्दी, सूतगद्दी, हनुमान गढ़ी, कालीपीठ, बालाजी, नारदानंद आश्रम, देवपुरी, सत्य नारायण मंदिर, पहला आश्रम आदि में दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने ललिता देवी मंदिर परिसर में भगवान सत्यनारायण की परंपरा अनुसार कथा सुनी। इस मौके पर बच्चों के विभिन्न संस्कार भी कराए गए।