किसानों ने दिया धरना, प्रशासन सतर्क
- लालबाग पार्क में धरने पर डटे रहे किसान यूनियन (राष्ट्र-शक्ति) के पदाधिकारी व किसान।
सीतापुर : केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए किसान बिल का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र-शक्ति) ने लालबाग पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों और किसानों ने किसान बिल का विरोध किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान बिल को किसान विरोधी बताते हुए, इसे वापस लेने की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमाशंकर यादव की अगुवाई में किसानों ने पैदल मार्च भी किया। विरोध-प्रदर्शन व मार्च के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा। ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा कि, कृषि बिल-2020 कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए लाया गया है। मंडी व्यवस्था को खत्म करने और किसान की भूमि हड़पने के लिए बनाया गया है। पदाधिकारियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया। किसान संगठन के विरोध को देखते हुए प्रशासन सतर्क रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्वक रहे और व्यवस्था ना बिगड़े, इसके लिए मिश्रिख एसडीएम मिश्रिख गिरीश झा व थानाध्यक्ष रामकोट बृजेश कुमार राय कलेक्ट्रेट गेट पर मुस्तैद रहे। लालबाग चौराहे पर भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। धरना-प्रदर्शन के दौरान लालबाग पार्क में भी पुलिसबल तैनात रहा। शहर में अन्य स्थानों पर भी पुलिसबल मुस्तैद नजर आया।