चिल्ड्रेन वार्ड में अव्यवस्थाओं से इलाज में दिक्कत
चिल्ड्रेन वार्ड में बुधवार को भी भर्ती कराए गए बचे। कुछ बचों की हालत सुधरी कुछ का हो रहा उपचार।
सीतापुर : जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में चल रहा निर्माण अभी जारी है। काम पूरा न होने से वार्ड अव्यवस्थित है। बच्चों को एक कमरे व बरामदे में भर्ती किया गया है। एक कमरे में टाइल्स का काम हो रहा है। बरामदे में गंदगी की भरमार है। बुधवार दोपहर कूड़ा, डस्टबिन के बाहर बिखरा पड़ा दिखा।
जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती बच्चों की संख्या में कमी नहीं आई है। बुधवार को वार्ड में 26 बच्चे भर्ती थे। वहीं, दोपहर तक बुखार पीड़ित चार बच्चों को भर्ती कराया गया था। भर्ती कराए गए बच्चों को तेज बुखार व झटके आने की शिकायत थी। मंगलवार को भर्ती कराए गए पांच वर्षीय योगेश की हालत में सुधार आया है। उसकी मां के मुताबिक दवा के बाद कुछ राहत मिली है। वार्ड में बुखार पीड़ित कई अन्य बच्चे भी उपचार करा रहे हैं। कुछ की हालत में सुधार भी आया है।
इस बाबत सीएमएस डा. एके अग्रवाल का कहना है कि चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती बच्चों का उपचार हो रहा है। बच्चे ठीक भी हो रहे हैं।
बुखार में आने लगे थे झटके तो अस्पताल लेकर पहुंचे :
चौबे नेवादापुर गांव से बालक शिवम को चिल्ड्रेन वार्ड लेकर आए उसके परिवारजन का कहना था कि शिवम को तेज बुखार में झटके आने लगे थे। हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल लाए हैं। भर्ती कराने के बाद दवा दी गई तो कुछ सुधार दिख रहा है। वहीं, तीमारदार सर्वेंद्र ने बताया कि उनके बेटे को चार दिन से बुखार आ रहा था। हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया है। बहुत तेज बुखार आया था। सोहई निवासी चार वर्षीय रिशू सिंह का कई दिन से उपचार चल रहा है।