एनडीए का सहयोगी होने के नाते पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी: अनुप्रिया पटेल
अपना दल राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से की बात किसानों की समस्या का हल वार्ता से ही निकलने की जताई उम्मीद
सीतापुर: अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अनुप्रिया पटेल शनिवार की देर शाम बिसवां पहुंचीं। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने जहांगीराबाद रोड स्थित पटेल पार्क में पहुंचकर सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उसके बाद वह राष्ट्रीय सचिव करुणा शंकर पटेल के आवास पर पहुंचीं।
उन्होंने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनावों को लेकर जोरदार तरीके से जुट गई है और एनडीए के सहयोगी दल होने के नाते मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर में करोड़ों किसानों से वर्चुअल वार्ता की है। किसी भी प्रकार के गतिरोध का हल वार्ता से ही निकाला जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि मैं पूर्णतया आशान्वित हूं कि अगर दो देशों का झगड़ा होता है तो बातचीत से ही हल निकलता है। उसी तरह किसानों की भी समस्याओं का हल भी वार्ता से ही निकलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा पिछड़े, दलित और कमजोर किसान आदिवासियों की समस्याओं को उठाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद काफी विकास हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था को 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर बनाने का निश्चय किया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश को भी एक ट्रिलियन डॉलर का योगदान देना है। इसके लिए तमाम विकास की योजनाओं को अमल में लाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अपना दल के अशोक श्रीवास्तव, अमर सिंह पटेल, संकेत वर्मा, रामचंद्र वर्मा, सुधाकर वर्मा आदि उपस्थित रहे। बिसवां में जाम की समस्या को उठाएंगी
कार्यकर्ताओं ने अनुप्रिया पटेल को बिसवां में जाम की समस्या के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस समस्या के बारे में बताएंगे। उन्होंने आशा जताई कि बिसवां की इस गंभीर समस्या का जल्द ही कोई जल निकलेगा। इसके बाद लोगों को परेशानी नहीं होगी।