पदयात्रा के बहाने 'जन' के बीच पहुंच रहे 'प्रतिनिधि'
सीतापुर जन प्रतिनिधियों ने सोमवार को क्षेत्र में पदयात्रा निकालकर लोगों को स्वच्छ भारत मिशन सहित कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
सीतापुर : जन प्रतिनिधियों ने सोमवार को क्षेत्र में पदयात्रा निकालकर लोगों को स्वच्छ भारत मिशन सहित कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं, मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने पदयात्रा के बाद चौपाल लगाई और फिर क्षेत्र में बन रही गल्ला मंडी का मुआयना किया। मंडी निर्माण में प्रयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह करते हुए सांसद ने जिम्मेदारों अधिकारियों से नाराजगी भी जाहिर की है।
नैमिषारण्य : सांसद अशोक रावत ने गांधी संकल्प यात्रा निकाली। पदयात्रा का शुभारंभ चक्रतीर्थ परिसर से हुआ। ये पदयात्रा लकड़ियामऊ, भिठौली, राजनगर, पिपरोसा, आंट होते हुए भिखनापुर गांव पहुंची। समापन पर ग्रामीणों के बीच चौपाल हुई। इसमें सांसद ने समस्याएं सुनीं और क्षेत्रीय अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पहले सांसद ने नैमिष में ललिता देवी मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। विधायक रामकृष्ण भार्गव, एसडीएम राजीव पांडेय, बीडीओ राजकुमार, कोतवाल बृजेश राय, प्रदीप दीक्षित भी मौजूद थे।
लहरपुर : विधायक सुनील वर्मा के नेतृत्व में उमरिया खानपुर, जानीपुर, चांदपुर, परसेंडी, जमुनापुर, गोड़रिया, हिलालपुर में पदयात्रा निकाली। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को भाजपा की नीतियों व उपलब्धियों के बारे में बताया। पदयात्रा में व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक सुरेश गुप्ता, परसेंडी मंडल अध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव, संजय वर्मा, निर्मल वर्मा आदि मौजूद रहे।
हरगांव : विधायक सुरेश राही के नेतृत्व में कस्बे की सीएचसी से पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। पदयात्रा परसेहरा सरीफपुर, बाकीपुर, रजवापुर, ददवारा, महावतनपुरवा, बनिहार होते हुए सुजौला पहुंच कर समाप्त हुई। इस दौरान विधायक व कार्यकर्ताओं ने लोगों को योजनाओं के बारे में जानकारी दी। यात्रा में मंडल अध्यक्ष बृजेंद्र शुक्ल, सुनील मिश्र, उदित बाजपेयी आदि मौजूद रहे।