दो श्रमिकों में कोरोना की पुष्टि के बाद अब पांच एक्टिव केस
दिल्ली से आए थे दोनों युवक। अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 44। इनमें 39 हो चुके हैं ठीक। भर्ती संक्रमित के साथ ही 106 के भेजे सैंपल। डॉक्टरों की पांचवीं टीम ने मोर्चा संभाला लिया है।
सीतापुर : दिल्ली से लौटे दो प्रवासी कामगारो में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक युवक हरगांव क्षेत्र का है। इस युवक का सैंपल एक जून को लिया गया था। तीन जून को देर शाम आई रिपोर्ट में इसे संक्रमित पाया गया है। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया, संबंधित युवक को इलाज के लिए कोविड अस्पताल खैराबाद में भर्ती कराया गया है। दिल्ली से आने के बाद इसे पिसावां क्षेत्र के सिकंदरापुर स्कूल में क्वारंटाइन किया गया था। दूसरा श्रमिक महोली में क्वारंटाइन था।
सीएमओ ने बताया कि, इस तरह अब जिले में संक्रमित मिलने वाले रोगियों की कुल संख्या 44 हो चुकी है। इसमें 39 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
भर्ती संक्रमित के साथ ही 106 के भेजे सैंपल
एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया, गुरुवार को कोविड अस्पताल में भर्ती 20 वर्षीय संक्रमित युवक के साथ ही कुल 106 संदिग्धों के सैंपल लिए गए हैं। ये सभी जांच को शुक्रवार सुबह पैथालोजी भेजे जाएंगे। भर्ती युवक का यदि सैंपल जांच में निगेटिव आता है तो उसे अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। संबंधित युवक महोली के कृषक इंटर कॉलेज में क्वारंटाइन था। ये 24 मई को पॉजिटिव मिला था। उन्होंने बताया, गुरुवार को लहरपुर के एक गांव में 55 संदिग्धों के सैंपल हुए हैं। इसमें 30 प्रवासी श्रमिक हैं और इनके संपर्की 25 हैं। इसके अतिरिक्त लहरपुर में 20 अन्य लोगों के रेंडम सैंपल हुए हैं। शहरी क्षेत्र के निवासी 30 लोगों के सैंपल आंख अस्पताल बुलाकर लिए गए हैं।
पांचवीं टीम ने संभाला मोर्चा
खैराबाद अस्पताल के कोविड इंचार्ज डॉ. रमाशंकर यादव ने बताया कि, संक्रमितों का इलाज करने वाली डॉक्टरों की चौथी टीम गुरुवार को होम क्वारंटाइन हो रही है। रात 10 बजे से डॉक्टरों की पांचवीं टीम संक्रमितों के इलाज में सक्रिय हो गई है। इस तरह संक्रमितों के इलाज के लिए अब तक 24 डॉक्टर और इतने ही स्टॉफ नर्स सहित कुल 100 चिकित्सा कर्मियों ने कार्य किया है।