जीवन का सत्य बताती है भागवत
नगर के मोहल्ला भूलनपुर स्थित प्राचीन मां गौरी देवी मंदिर परिसर में चल रही भागवत कथा सुनाते हुए व्यास सुरेंद्र अवस्थी ने कहा कि भागवत जीवन के सत्य का बोध कराती है।
खैराबाद (सीतापुर) : नगर के मोहल्ला भूलनपुर स्थित प्राचीन मां गौरी देवी मंदिर परिसर में चल रही भागवत कथा सुनाते हुए व्यास सुरेंद्र अवस्थी ने कहा कि भागवत जीवन के सत्य का बोध कराती है। भागवत मानव के मूल कर्तव्यों से अवगत कराती है। मानव जीवन मात्र माया मोह के वशीभूत होकर लक्ष्य से भटकने का साधन नहीं अपितु भगवत की प्राप्ति के उपायों के लिए प्रेरित करती है। व्यास ने कहा कि महाभारत के युद्ध में जब अर्जुन अपने परिवार के लोगों को देखकर भ्रमित होते हैं तो भगवान कृष्ण उनको गीता का ज्ञान देते हैं। यह ज्ञान प्राप्त कर अर्जुन निराशा के भंवर से उबरते हैं। व्यास ने विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया। समापन पर आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र ने बताया कि कलाकारों द्वारा सुंदर झांकियों का मंचन किया गया। कार्यक्रम का समापन 14 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ होगा।