मोमोज खाने गए युवक व बालिका का शव तालाब में मिला
- ममेरे भाई के साथ रात में गई थी बची नहीं लौटे तब दी पुलिस को तहरीर - सुबह लोग तालाब के पास से गुजरे तो देखा शव फिर दी पुलिस को सूचना।
सीतापुर : सोमवार की रात मोमोज खाने के लिए निकली आठ वर्षीय बालिका और उसका ममेरा भाई लापता हो गए। रात तक नहीं लौटे तो पुलिस को तहरीर दी गई। मंगलवार की सुबह दोनों के शव तालाब में उतराते मिले। पुलिस इस घटना को हादसा मान रही है। परिवारजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया।
महमूदाबाद के नई बाजार दक्षिणी वार्ड निवासी पवन कुमार की बेटी आरोही अपने ममेरे भाई शिवम पुत्र राजकुमार के साथ रात आठ बजे बस स्टॉप चौराहे पर मोमोज खाने साइकिल से गए थे। काफी देर हो जाने के बाद घर नहीं लौटे। रात करीब 11 बजे परिजनों ने दोनों के लापता होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने बस स्टॉप से थोड़ी दूर स्थित छपर तल्ला तालाब में एक शव उतराता देखा। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक का शव पुलिस ने बाहर निकलवाया। साथ में बालिका का शव भी था। परिवारजन ने दोनों की शिनाख्त शिवम और आरोही के रूप में की।
पुलिस जता रही दुर्घटना का अंदेशा
सीओ रविशंकर प्रसाद ने बताया रात में परिवारजन ने दो बच्चों के गायब होने की सूचना दी थी। पूरी रात पुलिस और पीआरवी वैन सक्रिय रही, आस-पास के इलाकों में छानबीन की गई। दोनों का शव सुबह तालाब से बरामद हुआ। दोनों साइकिल से जा रहे होंगे। सामने से कोई वाहन आ रहा होगा, जिसके बचाव में दोनों बच्चे अनियंत्रित होकर तालाब में गिरकर दुर्घटना का शिकार हो गए।
शव मिलने के बाद मचा कोहराम
शव मिलने के बाद परिवारजन का रो-रो कर बुरा हाल था। पड़ोसी व शुभचितक पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे थे। आरोही की बड़ी बहनें मालवी, प्रतिज्ञा तथा छोटी बहन खुशी अपनी बहन का शव देखकर चीख-चीख कर रो रही थीं। विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा, भाजपा नेता भूपेंद्र जैन, अम्ब्रीश गुप्त ने भी सांत्वना दी।