खाद, बीज के लिए भटकते किसान
सीतापुर : जब किसानों को खाद व बीज की जरूरत होती है तो बिक्री केंद्रों पर ताला पड़ा होता
सीतापुर : जब किसानों को खाद व बीज की जरूरत होती है तो बिक्री केंद्रों पर ताला पड़ा होता है। किसान जरूरत के लिए इधर- उधर चक्कर काटा करते हैं। लेकिन उनको सफलता नहीं मिलती। वहीं निजी दुकानदार इसका फायदा उठाते हुए महंगी दर पर खाद, बीज बेचते हैं। इस समय किसान रबी फसलों की तैयारी में जुटे हैं। गेहूं, सरसों, गन्ने की बुआई चल रही है। लेकिन किसान साधन सहकारी समिति, कृभको, इफको केंद्र से लेकर बिक्री केंद्रों तक दौड़ लगाने को विवश हैं पर सफलता नहीं मिल रही है। किसान निराश होकर लौट जाते हैं।
क्षेत्र के बीबीपुर में वर्षों पूर्व किसानों की सुविधा के लिए साधन सहकारी समिति बनाई गई थी। भवन देखकर कोई भी बता देगा कि इसका दरवाजा कई वर्ष से नहीं होगा। ऐसे में भवन व परिसर की बदहाली का अंदाजा लगाया जा सकता है। समिति वर्षों से बंद पड़ी है। किसानों को खाद, बीज कैसे मिले। जिम्मेदारों की लापरवाही है कि लाखों के बने भवन किसी काम लायक नहीं बचे हैं। ग्रामीण खलिहान की तरह उपयोग करते हैं और परिसर में कंडे पाथते हैं। किसान चंद्रिका ने बताया कि समितियों पर सदैव ताला मिलता है। किसानों को जरूरत की सामग्री कैसे मिले। नरेश ने कहा कि किसान हितों की बातें हवाई साबित हो रही है। सबसे अधिक किसान ही परेशान हो रहा है। कोई सुनने वाला नहीं है। समितियों व बिक्री केंद्रों पर खाद, बीज मिले तो अनावश्यक परेशानियां न हों।