बेसहारा पशु आवागमन में बन रहे बाधक
नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर मुख्य बाजार तक बेसहारा पशुओं की सक्रियता। आए दिन होते हे हादसे।
सीतापुर : नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर मुख्य बाजार तक बेसहारा पशुओं की सक्रियता आवागमन में बाधक बन रही है। इनके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लेकिन नगर पंचायत प्रशासन बेसहारा पशुओं को पकड़ने में रुचि नहीं दिखा रहा। इन पशुओं को राजमार्ग पर टहलते व डिवाइडर पर बैठे देखा जा सकता है। वाहनों के निकलते समय यह अक्सर सामने आ जाते हैं। जिससे हादसे होते रहते हैं। नगर की बाजार में भी इन पशुओं को घूमते देखा जाता है। नगर के व्यापारी व ठेले वाले भी पशुओं से परेशान रहते हैं। नगर पंचायत अभियान नहीं चलाता। जिससे इन पशुओं को पकड़ा नहीं जा रहा। तहसील, ब्लॉक, बाजार, मेला मैदान से लेकर रेलवे स्टेशन तक इनको गंदगी करते देखा जाता है। मिश्रिख मार्ग, बिसवां, महमूदाबाद तिराहे पर भी इनका झुंड अक्सर नजर आता है। पिछले सप्ताह गड़िया हसनपुर के सामने बाइक सवार की बेसहारा पशु से टकराने से मौत हो गई थी। मस्जिद के पास भी एक बाइक सवार की मौत हो गई थी। बेसहारा पशुओं को गोशाला भेजने में भी जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं। बृजेश मिश्र ने कहा नगर पंचायत पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजे, तभी इससे निजात मिलेगी। नगर पंचायत के ईओ सर्वेश शुक्ल ने बताया कि पशुओं को पकड़ने के लिए समय-समय पर अभियान चलाते हैं। लेकिन यह भाग जाते हैं। लोग सहयोग करें, इनको पकड़कर बांध लें और सूचना दें। तो हम इनको गोशाला भेज देंगे।