आस्था और प्राणवायु का स्त्रोत है बरगद
10 जून को दैनिक जागरण की पहल पर जिले भर में रोपे जाएंगे बरगद
सीतापुर : आक्सीजन की कमी से जब सांसों की डोर टूटने लगी, तो प्राणवायु देने वाले दो पौधों का नाम अधिकांश लोगों की जुबां पर आया। ये नाम थे..पीपल और बरगद। आमजन की आस्था से जुड़े इन पेड़ों का महत्व समझ आने लगा। जिन पौधों को हमारे पुरखे बड़े ही आदर भाव के साथ पूजते थे, उनका वैज्ञानिक महत्व भी पता चला। अब दैनिक जागरण की पहल पर 10 जून को बरगद के पौधे लगाए जाएंगे। हम सभी का आह्वान करते हैं कि वे इस दिन बरगद को एक पौधा अवश्य रोपें। इस अभियान के साथ पुलिस प्रशासन भी जुड़ा। 10 जून को जिले में आमजन, जनप्रतिनिधि व स्वयं सेवी संस्थाओं के पदाधिकारी बरगद रोपेंगे।
आस्था के साथ प्राणवायु के स्त्रोत इन पौधों के रोपण व संरक्षण की बातें होनी शुरू हो गई हैं। जीवन की निरंतरता के प्रतीक बरगद की पूजा भी होती है। 10 जून गुरुवार को सुहागिनें वट-सावित्री व्रत भी रखेंगी। कई महिलाओं ने इस दिन बरगद का पौधा रोपने का प्लान भी किया है। एसडीएम सदर अमित भट्ट व उनकी पत्नी विष्णु प्रिया ने सोमवार को अपने आवास पर बरगद का पौधा रोपा।
उपयोगी है बरगद, करेंगे रोपण और संरक्षण
- बरगद पेड़ जीवन की निरंतरता का प्रतीक है। धार्मिक महत्व के साथ इसका वैज्ञानिक महत्व भी है। बरगद, प्रचुर मात्रा में आक्सीजन देता है। शुद्ध वायु के लिए हमें अधिक से अधिक बरगद के पौधे रोपने चाहिए।
-पारुल अग्रवाल
- बरगद और पीपल हमारी आस्था से जुड़ा है। इसका औषधीय महत्व भी है। यह दोनों पेड़ आक्सीजन देते हैं। वट-सावित्री व्रत में बरगद की पूजा भी की जाती है। हमें बरगद का पेड़ लगाना चाहिए।
- श्वेता जैन
- कोरोनाकाल में आक्सीजन संकट ने यह बता दिया कि, बरगद का पेड़ कितना महत्वपूर्ण है। प्राणवायु देने वाला यह पेड़ हमारे जीवन से जुड़ा हुआ है। हम सबको को बरगद का पेड़ लगाना और उसका संरक्षण करना चाहिए।
- कुमकुम मिश्रा
- बरगद की उपयोगिता से हम अच्छी तरह वाकिफ हैं। हमारा संकल्प है कि बच्चे के जन्मदिन से लेकर सभी पर्व व मांगलिक कार्यों के अवसर पर बरगद का पौधा रोपेंगे। अपने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करेंगे।
- सरिता सिंह
सभी थानों पर रोपे जाएंगे बरगद
'दैनिक जागरण की यह पहल प्रशंसनीय है। पुलिस सभी थानों पर बरगद लगाएगी। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित कर दिया गया है। 10 जून को दैनिक जागरण के साथ सभी थानाध्यक्ष थाना परिसर या फिर उपलब्ध स्थान पर बरगद का पौधा रोपेंगे।'
- आरपी सिंह, एसपी