बाढ़ सुरक्षा कार्यो में लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई
सिचाई व जल संसाधन विभाग की विशेष सचिव पहुुंचे रामपुर मथुरा। बगस्ती के पास घाघरा नदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण का किया निरीक्षण। अधिकारियों को दिए निर्देश।
सीतापुर: सिचाई व जल संसाधन विभाग की विशेष सचिव डॉ. सारिका मोहन ने बुधवार को रामपुर मथुरा क्षेत्र में बगस्ती के पास घाघरा नदी किनारे चल रहे 45 करोड़ लागत वाले तट बंध निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। विशेष सचिव ने बाढ़ खंड के अधिकारियों से कहा मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है निर्माण कार्य पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण ढंग से हों। इसमें किसी तरह की लापरवाही मिली तो कार्रवाई निश्चित होगी। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत नियमों का पालन करते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित कराएं। निर्माण कार्य में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता दें। दिन-रात बराबर काम कराएं, जिससे बाढ़ आने से पूर्व समय से कार्य पूरा हो सके। तटबंध निर्माण कार्य को लेकर अभियंताओं से जरूरी जानकारी ली। डीएम अखिलेश तिवारी ने कहा कि निर्माण कार्य की वह बराबर मॉनीटरिग कर रहे हैं। समय से कार्य पूरा कराया जाएगा। विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा बाढ़ समस्या को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। उन्होंने प्राथमिकता से योजना को स्वीकृत किया है। शीघ्र ही कार्य पूरा होगा तो हजारों की आबादी सुरक्षित होगी। एसडीएम गिरीश झा, ओम प्रकाश मिश्र, मनोज सिंह समेत बाढ़ खंड के अभियंता मौजूद रहे।