मारवाड़ी धर्मशाला में छापेमारी, 21 महिलाएं हिरासत में
खुद को राजस्थान का निवासी बता रहीं महिलाएं
सीतापुर: सीओ योगेंद्र सिंह ने शहर कोतवाली पुलिस व महिला थाना पुलिस के साथ शहर के जेल रोड मारवाड़ी धर्मशाला में छापेमारी की। यहां पर पुलिस ने 21 संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया। महिलाएं खुद को राजस्थान के पाली जिले के नीमका थाना क्षेत्र के गांव सोंजत रोड निवासी बता रही हैं। वहीं हाल पता दक्षिण दिल्ली के भट्टकैन, रामदेव नगर बताया है।
कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि शहर के दुकानदार महिला चोरों द्वारा जेवर व सामान पार कर देने की शिकायतें कर रहे हैं। उन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए इन महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। इनके पास 7 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी कॉल डिटेल चेक की जा रही है। हिरासत में ली गई महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लग रहीं है, जिसकी वजह से जांच पड़ताल करना जरूरी हो गया है। इन महिलाओं के साथ किसी पुरुष का न मिलना अखर रहा है। महिलाएं बता रही हैं कि उनके परिवार के पुरुष सदस्य दिल्ली में हैं। सच्चाई जानने के लिए दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। इधर महिलाएं खुद को खानाबदोश जीवन जीने वाला बता रहीं थीं। उनका कहना था कि दिल्ली सरकार ने झुग्गी झोपड़ियों को उजाड़ दिया। जिसकी वजह से वे सब बेघर हो गए। यही वजह है कि जहां-तहां ठहर कर वे भीख मांगकर परिवार का भरण पोषण कर रही हैं। महिलाएं अपना नाम बताने से परहेज कर रहीं थीं।