UP News: बटवारे से असंतुष्ट व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई की हत्या, भतीजियों को भी पीटा; हालत गंभीर
जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र के दनियापार में भूमि बटवारे से असंतुष्ट एक व्यक्ति ने कुल्हाणी मारकर अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। उसने अपनी भतीजियों की भी पिटाई की है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र के दनियापार में भूमि बटवारे से असंतुष्ट एक व्यक्ति ने कुल्हाणी मारकर अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। उसने अपनी भतीजियों की भी पिटाई की है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। खेसरहा पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर आरोपित फूलचंद समेत छह व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जमीनी विवाद को लेकर हत्या
दुनियापार निवासी ब्रह्मानंद, फूलचंद, दुर्गा प्रसाद सगे भाई हैं। तीनों भाई आपसी समझौता के तहत खेत का बटवारा करके अभी तक खेती कर रहें थे। शनिवार की शाम को फूलचंद ने ब्रह्मानंद व दुर्गा प्रसाद से कहा कि बटवारा सही नहीं हुआ है। खेत का बटवारा फिर से होगा। ग्रामीणों की मौजूदगी में खेत का फिर से बटवारा हुआ।
फूलचंद इससे भी संतुष्ट नहीं हुआ। वह रात करीब आठ बजे परिवार के सदस्यों के अमरजीत, सर्वजीत, गोलू, सुधा, निर्मला के साथ गोल बंद होकर ब्रह्मानंद के घर पहुंचा और मां रामपती देवी व परिवार के अन्य सदस्यों को गाली देने लगे। ब्रह्मानंद किसी जरूरी काम से गांव से बाहर गए थे।
घर से उनकी पत्नी प्रभावती ने फोन कर उन्हें बताया कि सब लोग घर आकर विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलते ही ब्रह्मानंद जैसे ही घर पहुंचे। फूलचंद ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। वह अचेत होकर गिर गए। फूलचंद व उनके साथ के लोगों ने उनकी बड़ी बेटी मीरा, छोटी बेटी सीमा व पत्नी प्रभावती को भी मारा पीटा। इससे मीरा का सिर फट गया और हाथ टूट गया। छोटी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
रास्ते में हुई मौत
ब्रह्मानंद के छोटे पुत्र जगदीश लक्ष्मीगंज चौराहे पर खाद की दुकान पर थे। घर पर मारपीट की सूचना मिलते ही वह भी पहुंच गए। वह पिता व बहनों को इलाज के लिए खेसरहा सीएचसी ले गये। वहां से ब्रह्मानंद को मेडिकल कालेज सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया गया। यहां से भी उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। ब्रह्मानंद को उपचार के लिए गोरखपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। मारपीट में दूसरे पक्ष के लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।
थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने कहा- "मामला संज्ञान में है। रात में ही आरोपितो के विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। प्रथम पक्ष से एक की मृत्यु हुई है। दो गंभीर रूप से घायल है। दूसरे पक्ष के लोगों को गंभीर चोट नहीं लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"