महंगाई के खिलाफ सपाइयों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
पूर्व ब्लाक प्रमुख उग्रसेन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई आसमान छूने लगी है। डीजल के मूल्य ने पेट्रोल की बराबरी कर ली है। यह देश के इतिहास में पहली बार हुआ है। डीजल के बढ़े दाम का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा।
सिद्धार्थनगर : महंगाई व जनसमस्याओं को लेकर सपाइयों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। पेट्रोल व डीजल मूल्य वृद्धि पर केंद्र सरकार को घेरा। एसडीएम शोहरतगढ़ को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। समस्याओं के निस्तारण की मांग की। पूर्व ब्लाक प्रमुख उग्रसेन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई आसमान छूने लगी है। डीजल के मूल्य ने पेट्रोल की बराबरी कर ली है। यह देश के इतिहास में पहली बार हुआ है। डीजल के बढ़े दाम का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। महंगाई से किसान व जनमानस बेहाल हो चुका है। बढ़नी पीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट दिनेश यादव की मौत आकस्मिक नहीं है। साजिश रच कर उनकी हत्या की गई है। इसकी न्यायिक जांच कराई जाए। लॉकडाउन में छात्र-छात्राओं की फीस माफ की जाए। प्रवासी मजदूरों को छह माह तक निश्शुल्क खाद्यान्न व उनके रोजगार की व्यवस्था हो। विधानसभा क्षेत्र की सड़कें जर्जर हो गई हैं, इसका कोई पुरसाहाल नहीं है। पल्टादेवी प्रतिनिधि के अनुसार महंगाई के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने पल्टादेवी मंदिर से मधुबेनिया तक साइकिल यात्रा निकाली। अजय चौधरी, वीरेंद्र तिवारी, हरी नारायण यादव, सागर पाठक, अब्दुल मजीद, पिटू श्रीवास्तव, डब्लू सिंह, रवि चौधरी, राम दयाल चौधरी, खुर्शीद, सत्येंद्र सिंह, शांति देवी, गुलाब यादव, नियाज अहमद, सिकंदर यादव, मतीउल्लाह, प्रेमराज शर्मा, रामू यादव आदि मौजूद रहे।