विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब सिस्टम नहीं सुना, तो टंकी पर चढ़ी पत्नी; सिद्धार्थनगर पुलिस ने घुटने टेके, आरोपी सलाखों के पीछे

Published: Sun, 17 May 2026 03:25 PM (IST)

सिद्धार्थनगर में पति की मौत के बाद न्याय न मिलने से परेशान एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। ...और पढ़ें

पानी की टंकी पर बैठी महिला - जागरण

पानी की टंकी पर बैठी महिला - जागरण

HighLights

  1. महिला पति की मौत के बाद न्याय मांग रही थी।

  2. कार्रवाई न होने पर महिला न्याय को टंकी पर चढ़ी।

  3. एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद महिला नीचे उतरी।

संवाद सूत्र, भनवापुर, सिद्धार्थनगर। पति की मौत के बाद न्याय की आस में भटक रही एक महिला शनिवार को पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। आरोप था कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई।

महिला को टंकी पर चढ़ा देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कई घंटे चले समझाने-बुझाने और एक आरोपित को पकड़ने के बाद महिला नीचे उतरी।

घटना इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर क्षेत्र की है। चार मार्च की रात राप्ती सेतु पर बाइक और ठेला की टक्कर के बाद आग लग गई थी। हादसे में ठेला चालक मानिकराम उर्फ महिनकू गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें लखनऊ के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां दस दिन तक चले उपचार के बाद 14 मार्च की रात उनकी मौत हो गई।

हादसे में बाइक चालक बब्लू निषाद भी झुलस गया था। मृतक की पत्नी राधा ने आरोप लगाया कि उसके पति की मौत के बाद भी दोषियों को बचाया जा रहा है। कई बार गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह पहले शाहपुर चौकी पहुंची।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में नियमों की आड़ में मिट्टी खनन का बड़ा खेल, माफिया काट रहे चांदी; मिलीभगत की आशंका

वहां भी संतोषजनक जवाब न मिलने पर वह पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और दोषियों की गिरफ्तारी तक नीचे न उतरने की चेतावनी दी। सूचना पर कोतवाल श्रीप्रकाश यादव, तहसीलदार रवि यादव, चौकी प्रभारी विनय प्रताप सिंह सहित पुलिस बल पहुंचा।

अधिकारियों ने काफी देर तक समझाया। बाद में एक आरोपित कल्लू को पकड़ लिया गया और दूसरे की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया गया, तब जाकर महिला नीचे उतरी।