विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर: मासूम बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई विवाहिता, फंदे से लटककर दी जान

Published: Sun, 07 Jun 2026 10:57 PM (IST)

सिद्धार्थनगर में तीन माह के मासूम बेटे की मौत का सदमा न सह पाने के कारण एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। तीन माह के मासूम बेटे की मौत का सदमा एक विवाहिता बर्दाश्त नहीं कर सकी। बेटे के निधन के बाद से मानसिक तनाव में चल रही महिला ने रविवार को घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे।

दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया और सहमति से अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामला शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के जोखवलिया गांव का है।

यह है पूरा मामला

गांव निवासी 22 वर्षीय बंधना पत्नी सुनील ने रविवार दोपहर घर के कमरे में छत की कुंडी से साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। घटना के समय पति और ससुर मजदूरी करने दूसरे गांव गए हुए थे, जबकि सास घर में खाना बना रही थी। कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंची तो बंधना को फंदे से लटका देख सन्न रह गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। स्वजन के अनुसार बंधना का तीन वर्षीय पुत्र शिवांश है। उसका दूसरा पुत्र छोटू जन्म से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित था।

मल त्याग से जुड़ी समस्या के चलते उसका कई स्थानों पर इलाज कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। एक सप्ताह पूर्व मासूम की मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद से ही बंधना गुमसुम रहने लगी थी और मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी।

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। बंधना का मायका जोगिया क्षेत्र के सोनौरा थाना क्षेत्र में स्थित है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।