Reels देखते-देखते एक गलत क्लिक और साफ हो गया खाता, सिद्धार्थनगर के युवक के साथ हुई 99 हजार की साइबर ठगी
सिद्धार्थनगर में एक युवक रील्स देखते समय गलती से एक संदिग्ध ऐप डाउनलोड होने से साइबर ठगी का शिकार हो गया।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
रील्स देखते समय संदिग्ध ऐप डाउनलोड होने से ठगी।
युवक के बैंक खाते से 99 हजार रुपये उड़ाए गए।
पीड़ित ने तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की।
संवाद सूत्र, सिद्धार्थनगर। सोशल मीडिया पर रील्स देखना एक युवक को भारी पड़ गया। रील्स देखने के दौरान अचानक मोबाइल में एक संदिग्ध ऐप की फाइल डाउनलोड हो गई, जिसके बाद साइबर ठगों ने खाते से 99 हजार रूपये उड़ा दिए। पीड़ित ने बैंक पहुंचकर खाता होल्ड कराया और पुलिस व साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।
भवानीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गरदहिया निवासी मो. अशफाक पुत्र कासिम अली बेंवा के एक पैथोलॉजी में काम करते हैं। पीड़ित के अनुसार, बीते 25 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने मोबाइल पर रील देख रहे थे।
इसी दौरान 14 मिनट का स्टालिन अपडेट नाम से एक पॉप-अप ऐप आया, जिस पर गलती से क्लिक हो गया। क्लिक होते ही ऐप बैकग्राउंड में डाउनलोड होने लगा। इसके तुरंत बाद पंजाब नेशनल बैंक शाखा दुबौली के उनके खाते से दो बार में पैसे कट गए।
युवक ने बैंक में जाकर खाता कराया होल्ड
पहली बार में 94 हजार रूपये और दूसरी बार में गूगल स्टोर रिचार्ज के नाम पर पांच हजार रुपए उड़ा लिए गए। घटना के तुरंत बाद अशफाक ने तत्परता दिखाते हुए 15 मिनट के भीतर बैंक पहुंचकर अपना खाता होल्ड कराया और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने बताया कि शुरूआती जांच में फ्राड करने वाले का लोकेशन पुणे का बता रहा है और खाता जन स्माल फाइनेंस बैंक में लक्ष्मण लाल मैदा के नाम दर्ज है। थानाध्यक्ष भवानीगंज विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नही है।
