यूपी के इस जिले में महिला की मौत से बढ़ा भय, गांव में चल रही जंगली सुअर की तलाश
सिद्धार्थनगर के जोगिया विकास खंड के बैरवा नानकार गांव में जंगली सुअर के हमले से 42 वर्षीय ज्ञानमती की मौत ...और पढ़ें

महिला की मौत के बाद गाव से बाहर निकलने से कतराने लगे थे लोग
HighLights
जंगली सुअर के हमले से 42 वर्षीय महिला की मौत।
सिद्धार्थनगर के बैरवा नानकार गांव में दहशत का माहौल।
वन विभाग की टीम सुअर की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जंगली सुअर का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को जोगिया विकास खंड क्षेत्र के बैरवा नानकार गांव के दक्षिणी सिवान में जंगली सुअर के हमले से 42 वर्षीय महिला ज्ञानमती की मृत्यु के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
इसके बाद से जंगली सुअर के बार-बार सिवान में दिखने की सूचना मिल रही है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। महिलाएं और बच्चे खेत-सिवान की ओर जाने से बच रहे हैं।
रविवार को ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगली सुअर की तलाश में सिवान की गश्त की। बीट प्रभारी अर्जुन, रमाकांत और श्रीराम की टीम ने नाला, झाड़ियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन सुअर का कोई सुराग नहीं मिला।
दिलीप सहित ग्रामीणों का कहना है कि सुअर अचानक हमला करता है और फिर गायब हो जाता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीण शिवकुमार, राजकुमार और रमेश ने बताया कि महिला की मौत के बाद से गांवों में भय का माहौल है।
लोग जरूरी काम होने पर ही घर से निकल रहे हैं। बच्चों को खेतों की ओर जाने से सख्त मना किया जा रहा है। पशुपालक भी मवेशियों को चराने में हिचक रहे हैं।
वन दरोगा संदीप ने बताया कि जंगली सुअर की तलाश के लिए टीम लगातार गश्त कर रही है। संभावित मूवमेंट वाले इलाकों पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया है।
विभाग का दावा है कि सुअर को पकड़ने या सुरक्षित तरीके से इलाके से दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भय का माहौल खत्म हो सके।
