जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : सदर थाना क्षेत्र के एक गांव के सरकारी स्कूल में एक दिव्यांग (मूक-बधिर) बालिका से विद्यालय के ही छात्र ने दुष्कर्म किया है। घटना के बाद बालिका ने इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी। बालिका के स्वजन ने इसका उलाहना दिया तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। बालिका के स्वजन ने इसकी तहरीर सदर थाने पर दी है। हालांकि पुलिस इसे मारपीट का मामला बता रही है। पुलिस का कहना है कि छानबीन करके उचित कार्रवाई की जाएगी।

बालिका के स्वजन के मुताबिक उनकी बेटी विद्यालय में पढ़ने गई थी। शुक्रवार दोपहर में विद्यालय में एकांत देखकर छात्र उसे जबरन उसे रसोई कक्ष में लेता गया। वहां रसोई कक्ष में उसे व खुद को बंद कर लिया और उसके साथ में दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि वह शिकायत लेकर छात्र घर पहुंचे तो वहां उसके परिवार वालों ने उन्हें मारा पीटा भी।
पीड़िता के साथ गांव के लोग भी पहुंचे थाने
दिव्यांग छात्रा के साथ इस घटना को लेकर गांव के लोग भी आक्रोशित हैं। पीड़िता की मां के साथ वह भी थाने पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मांग की कि मुकदमा दर्ज करके आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
कटघरे में विद्यालय प्रशासन
इस मामले को लेकर विद्यालय प्रशासन भी कटघरे में हैं। विद्यालय में इतनी बड़ी घटना हो गई। आखिर विद्यालय प्रशासन घटना के समय क्या कर रहा था। विद्यालय के प्रधानाचार्य का कहना है कि शुक्रवार की दोपहर लड़की पानी के पीने के लिए गई थी। लड़का भी पीछे-पीछे गया था। वहां उसने उसके साथ छेड़खानी किया, लेकिन दुष्कर्म की बात पूरी तरह झूठी है। रसोई कक्ष ठीक उनके कमरे के सामने हैं। विद्यालय में अन्य शिक्षक व बच्चे भी मौजूद थे। ऐसे में दुष्कर्म का मामला संभव नहीं है। शनिवार को विद्यालय के बच्चों के द्वारा मामला संज्ञान में आया तो बच्चे को बुलाकर दंडित किया गया। उसके घर शिकायत भी की गई। वहां न जाने क्या हुआ कि दोनों ने मारपीट कर लिया।
यह मामला पूरी तरह से मारपीट का है। दुष्कर्म की बात झूठी है। अभी किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। दोनोंं पक्षों को थाने पर बुलाया गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। जो दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सदर