सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में रैगिंग की शिकायत वापस, छात्र ने कहा- 'आवेश में की थी'
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में एमबीए के एक छात्र ने वरिष्ठ छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगाया था, जिसकी शिकायत एंटी रैगिंग ...और पढ़ें

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
एमबीए के नवप्रवेशी छात्र ने रैगिंग की शिकायत की।
एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की सुनवाई की।
छात्र ने आवेश में शिकायत कर वापस ले ली।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में एमबीए के नवप्रवेशी छात्र ने वरिष्ठ छात्रों पर रैगिंग करने का आरोप लगाते हुए एंटी रैगिंग सेल में शिकायत की। छात्र ने ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी।
शनिवार को कुलपति प्रो. कविता शाह की अध्यक्षता में एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की सुनवाई की। कमेटी के सामने छात्र ने बताया कि कुछ छात्रों से विवाद के बाद उसने आवेश में आकर शिकायत कर दी थी। बाद में उसने अपनी शिकायत वापस ले ली।
छात्र ने कमेटी को बताया कि परिचय कार्यक्रम के दौरान वह संकाय के प्रथम तल पर लगे वाटर कूलर से पानी पीने गया था। इसी दौरान तीन-चार वरिष्ठ छात्र वहां पहुंचे। उन्होंने बाथरूम के गंदा छोड़े जाने को लेकर उससे बात की। छात्र ने इसका विरोध किया तो एक वरिष्ठ छात्र ने उसे अपशब्द कहे। छात्र ने इस पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बनाने की बात भी कमेटी को बताई।
छात्र के अनुसार, घटना के बाद वह शिकायत करने के लिए छात्रावास के वार्डेन के पास गया, लेकिन वह वहां नहीं मिले। एक दिन पहले कक्षा में एंटी रैगिंग सेल के बारे में जानकारी दी गई थी। इसके बाद उसने सेल के ईमेल पर शिकायत भेज दी। कमेटी के समक्ष छात्र ने बताया कि वरिष्ठ छात्रों की ओर से इसके अलावा कोई अन्य गतिविधि नहीं की गई थी।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में विकास कार्यों में फर्जी भुगतान पर पूर्व प्रधान और सचिव पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
छात्रों से विवाद के बाद वह आवेश में आ गया था और इसी स्थिति में उसने शिकायत कर दी। सुनवाई के दौरान छात्र ने अपनी शिकायत वापस लेने की बात कही। कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में एंटी रैगिंग कमेटी के सभी 23 सदस्य मौजूद रहे। कमेटी ने छात्र के बयान और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर चर्चा की।
