प्रदेशीय जूनियर बॉक्सिंग में शाहिद ने जीता रजत पदक, सिद्धार्थनगर जिले का बढ़ाया नाम
शाहिद अख्तर अंसारी ने चित्रकूट में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 74 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक ...और पढ़ें

प्रदेशीय जूनियर बॉक्सिंग में शाहिद ने जीता रजत पदक।
HighLights
शाहिद अख्तर अंसारी ने जीता प्रदेश स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग में रजत।
74 किलोग्राम भार वर्ग में सिद्धार्थनगर के शाहिद ने किया कमाल।
बांसी के छात्र शाहिद ने बढ़ाया सिद्धार्थनगर जिले का गौरव।
जागरण संवाददाता, बांसी। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकूट में 10 से 13 जुलाई तक आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बांसी के शाहिद अख्तर अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 74 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। रतन सेन इंटर कालेज के कक्षा 10 के छात्र शाहिद की इस उपलब्धि से पूरे सिद्धार्थनगर जिले का गौरव बढ़ा है।
नगर पालिका बांसी के नरकटहा स्थित रानी लक्ष्मी नगर वार्ड निवासी शाहिद ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार मुक्केबाजी का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि जिले के खिलाड़ियों में प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने की पूरी क्षमता है।
शाहिद की उपलब्धि खेल प्रतिभा की पारिवारिक विरासत को भी आगे बढ़ाने वाली मानी जा रही है। उनके बाबा फुटबॉल के खिलाड़ी रहे हैं। बड़े चाचा सरताज अख्तर अंसारी गोला प्रक्षेपण एवं हैमर थ्रो के खिलाड़ी रहे हैं, जबकि छोटे चाचा शोएब अख्तर अंसारी राज्य स्तरीय हैमर थ्रो प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं।
पिता शाहनवाज अख्तर अंसारी ने बेटे की सफलता को पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। शाहिद की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार दुबे, प्रशिक्षक विनय कुमार साह, दौलत बाबू गुप्ता सहित विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह, टीम प्रभारी मुनीश सिंह यादव, सौरभ पाल, सुमन, सत्य प्रकाश तथा जिले के खेल प्रेमियों ने भी शाहिद की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
