सांचा खुलते ही ढह गया शौचालय, दो बच्चों समेत सात घायल
उस्का बाजार थानाक्षेत्र के लक्षनपुर गांव में नवनिर्मित शौचालय की छत गिरने से दो बच्चे सहित सात लोग घायल हो गए
सिद्धार्थनगर : उस्का बाजार थानाक्षेत्र के लक्षनपुर गांव में नवनिर्मित शौचालय की छत गिरने से दो बच्चों सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। जिसमें से एक की हालत गंभीर है। स्वयं को स्वच्छता मिशन से जोड़ने के लिए बाबूलाल प्रजापति निजी खर्च पर शौचालय का निर्माण शुरू कराये। लगभग 18 दिन पूर्व वह शौचालय की छत व टैंक पर छत डलवाएं। सोमवार की सुबह छत का सांचा खोल रहे थे तभी अचानक छत ढह गई। जिससे राजगीर रामजीत साहनी सहित परिवार के सत्यव्रत, ज्ञानदास, अंशिका व अमृता को चोटें आई। उसी समय खेल रहे पड़ोसी के दो बच्चे लक्ष्मी (7) व श्याम (5) को भी मामूली चोटें आई। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से गंभीर रूप से घायल सत्यव्रत को परिजन जिला मुख्यालय स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज कराये। परिजन छत के ढहने का कारण छत कार्य में प्रयुक्त सीमेंट की खराब क्वालिटी को बता रहे हैं। बहरहाल अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।