संपर्क मार्ग बदहाल, आवागमन में दिक्कत
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बदहाल संपर्क मार्गों पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके चलते मार्गों का अस्तित्व न सिर्फ समाप्त हो रहा है बल्कि इससे जुड़े दर्जनों गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा
सिद्धार्थनगर : डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बदहाल संपर्क मार्गों पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके चलते मार्गों का अस्तित्व न सिर्फ समाप्त हो रहा है, बल्कि इससे जुड़े दर्जनों गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नवसृजित नपं भारतभारी से रींवा होते हुए नौवागांव जाने वाले संपर्क मार्ग का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। वर्षों पहले इस संपर्क मार्ग का निर्माण जिला पंचायत से हुआ था। बाद में यह सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के मार्फत करौता पोखरे तक बनी। बाकी लगभग दो किमी. सड़क पूरी तरह गड्ढे में तब्दील है। मार्ग के बड़े- बड़े गड्ढे यात्रा में अवरोधक बने हुए हैं। बारिश के बाद जब गड्ढों में पानी भर जाता है तो मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया चालक अनियंत्रित होकर चुटहिल होते हैं। वहीं चौपहिया वाहन गड्ढों में फंसकर रास्ता बंद करने का काम करते हैं। यह संपर्क मार्ग इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह रुधौली जाने वालों की दूरी छह किमी. कम कर देती है। महीबुल्लाह, अल्ताफ, जमील, रामनेवास, राममहेश आदि लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी की उपेक्षा का खामियाजा क्षेत्रवासी भुगतने पर मजबूर हैं। अधिशासी अभियंता लोनिवि बांसी राजेश कुमार ने बताया कि यह सड़क जिला पंचायत की है, इसलिए हम निर्माण नहीं करा सकते।