UP: मातम में बदली खुशियां, सड़क हादसे में बुझ गया घर का एकलौता चिराग; मासूम के सिर से उठा पिता का साया
सालभर पहले युवक की शादी हुई थी। तीन माह की उसकी बच्ची भी है। बरात में शामिल होने के लिए वह बाइक से घर से निकला और वापस नहीं आ सका। रास्ते में ही मौत ने उसे निगल लिया।
सिद्धार्थनगर, जागरण संवाददाता। सड़क हादसे में शोहरतगढ़ के बढ़नी लाला निवासी राम प्रसाद की मौत के बाद न केवल घर का एकलौता चिराग बुझ गया है, बल्कि तीन माह की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया भी उठा गया। पत्नी सुमित्रा की मांग सूनी हो गई है। शव पोस्टमार्टम होने के बाद जब गांव पहुंचा तो पत्नी रोते- रोते बेहोश हो गई। उसकी दुनिया उजड़ चुकी थी। ईश्वर ने उसके ऊपर ऐसा वज्रपात चलाया, जिससे मिला घाव जिंदगी भर नहीं भरने वाला था। माता फूलमती उसके शव को गोद में लेकर चिल्लाए जा रही थी। बानगंगा नदी पर अंतिम संस्कार के लिए मुखाग्नि देते हुए पिता चिनगुद के हाथ कांप उठे।
बिखर गया पूरा परिवार
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बढ़नी लाला निवासी चिनगुद की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। एक ही बेटा था। सरकारी आवास योजना के अंतर्गत घर भी बन गया था। डेढ़ वर्ष पहले सिरसिया मिश्र निवासी घुरहू की लड़की से शादी हुई था। तीन महीने पहले एक बेटी भी हो गई। परिवार की गाड़ी हंसी खुशी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। तीन बेटियों में पहली की शादी हो गई थी। दो लड़की सीमा व रेखा की शादी अभी बाकी है।
नहीं पता था अंतिम यात्रा होगी बरात
गुरुवार को गांव के प्रकाश साहनी के लड़के की शादी अलीगढ़वा में थी। बरात में जाने के लिए वह चिनगुद को भी निमंत्रण दिए। राम प्रसाद ने कहा कि बाइक से हम बरात चले जा रहे हैं। वह गांव के अनिल को भी बाइक पर बैठाया और बरात चल दिया। उसे क्या मालूम कि बरात जाना उसकी अंतिम यात्रा होगी।
ये हुआ था हादसा
बाइक से बरात में शामिल होने जा रहे शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पकड़ी लालपुर निवासी 25 वर्षीय राम प्रसाद पुत्र चिनगुद की गुरुवार रात मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर पीछे बैठे अनिल जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए । उपचार जनपद मुख्यालय पर निजी अस्पताल में चल रहा है। पकड़ी लालपुर निवासी प्रकाश साहनी के लड़के की बरात अलीगढ़वा जा रही थी। एक बाइक पर सवार होकर राम प्रसाद व अनिल जायसवाल भी बिना हेलमेट लगाए बरात के लिए चल दिए। रात करीब नौ बजे बर्डपुर के आगे शिवपुर में एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक लेकर दोनों सड़क पर गिर गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामप्रसाद के मृत्यु की पुष्टि की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कपिलवस्तु ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।