विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाई की आंखों के सामने बाढ़ में बह गया किशोर, शव भारत में मिला, कपिलवस्तु के परिवार में पसरा मातम

Published: Mon, 14 Sep 2026 05:15 PM (IST)

कपिलवस्तु में बाणगंगा नदी में नहाते समय 13 वर्षीय किशोर रियाज लामा डूब गया, जिसका शव अगले दिन सिद्धार्थनगर के बगुलहवा में मिला।

घटनास्थल पर उपस्थित भीड़ एवं पुलिस: सौ. इंटरनेट मीडिया

घटनास्थल पर उपस्थित भीड़ एवं पुलिस: सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. कपिलवस्तु में बाणगंगा नदी में नहाते समय किशोर डूबा।

  2. 13 वर्षीय रियाज लामा का शव सिद्धार्थनगर में मिला।

  3. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। बगुलहवा के पास रविवार सुबह बानगंगा नदी में एक किशोर का शव मिला। शव दिखाई देने पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची शोहरतगढ़ थाने की पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पहचान कराने का प्रयास किया।

बाद में उसकी पहचान नेपाल के कपिलवस्तु जिले के बानगंगा क्षेत्र निवासी 13 वर्षीय रियाज लामा पुत्र रनबहादुर लामा के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।

बाणगंगा नदी में स्नान के दौरान बढ़ा था जलस्तर

शनिवार शाम कपिलवस्तु जिले के वार्ड संख्या आठ निवासी तीन किशोर गांव के पास बाणगंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज धारा के कारण तीनों किशोर डूबने लगे। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। नेपाल पुलिस की रेस्क्यू टीम ने भी तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद 14 वर्षीय रीदम लामा पुत्र रनबहादुर लामा और 16 वर्षीय सीजन थापा पुत्र गरन थापा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन रियाज का कोई पता नहीं चल सका।

रातभर तलाश के बाद नहीं मिला था कोई सुराग

स्वजन के अनुसार रियाज अपने बड़े भाई रीदम की आंखों के सामने नदी की तेज धारा में बह गया था। इसके बाद नेपाल पुलिस और स्वजन ने शनिवार देर रात तक नदी के आसपास उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह भारत के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बगुलहवा के पास बानगंगा नदी में उसका शव मिला।

शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने नेपाल के मर्यादपुर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर रियाज के स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। किशोर की मौत से परिवार में मातम पसरा है।