आखिर कब शुरू होगी धान की खरीद
केंद्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य भले ही बढ़ाकर 1750 रुपया कर दिया हो, परंतु इसका लाभ किसानों को मिलता दिखाई नहीं दे रहा है। स्थिति ये है कि सरकारी क्रय केंद्रों पर पहली नवंबर से धान की खरीद होनी थी, चौदह दिन बीत गए लेकिन अभी तक केंद्र स्थापित तक नहीं हो सके हैं। क्रय केंद्र के सचिवों की हड़ताल के चलते स्थिति विकट बनी हुई
सिद्धार्थनगर : केंद्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य भले ही बढ़ाकर 1750 रुपया कर दिया हो, परंतु इसका लाभ किसानों को मिलता दिखाई नहीं दे रहा है। स्थिति ये है कि सरकारी क्रय केंद्रों पर पहली नवंबर से धान की खरीद होनी थी, चौदह दिन बीत गए लेकिन अभी तक केंद्र स्थापित तक नहीं हो सके हैं। क्रय केंद्र के सचिवों की हड़ताल के चलते स्थिति विकट बनी हुई हैं। शासन स्तर पर इसका समाधान न होने का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। जो बेबस होकर बिचौलियों के हाथ अपनी उपज को औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं।
सरकार ने धान मूल्य में वृद्धि कर 1750 के साथ बोनस निर्धारित कर रखा है। परंतु अभी तक धान खरीद व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। क्योंकि जनपद के सभी क्रय केंद्रों के कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसे में किसान क्रय केंद्रों का चक्कर मार रहे हैं, जहां उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। एक के बाद एक दिन का इंतजार करने के बाद अब वह व्यापारियों की शरण में जाने लगे हैं। जहां उन्हें 1100 से 1200 रुपये प्रति ¨क्वटल भुगातन की जा रही है। उपधी खुर्द गांव के जनक प्रसाद पांडेय कहते हैं, कि सोचा था कि इस बार सही दाम में धान बिक जाएगा। लेकिन अब तो लगता है, कि व्यापारियों के हाथ ही धान बेचना पड़ेगा, क्योंकि गेंहू की बुवाई भी करनी है। भलुवाही गांव निवासी सुरेश कुमार ने कहा दिन-रात मेहनत करके धान की फसल तैयार हुई, अब इसकी तौल के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। व्यापारी के यहां अधिकतम 12 सौ रुपये प्रति ¨क्वटल दाम मिल रहे हैं। अब्दुल कयूम व बृजेश ने कहा कि आश्चर्य तो यह है कि हड़ताल खत्म कराने का कोई प्रयास ही नहीं किया जा रहा है। आखिर प्रतीक्षा भी की जाए, तो कब तक की जाए, धान खरीद कब प्रारंभ होगी, इसका कोई स्पष्ट जवाब तक दे रहा है। किसानों ने शासन-प्रशासन समय रहते उचित कदम उठाए जाने की मांग की है।
--
सचिवों की हड़ताल के चलते थोड़ी दिक्कत आ रही है। उच्च स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। जैसे ही हड़ताल समाप्त होती है, किसानों के धान की खरीद केंद्रों पर शुरू हो जाएगी।
राजेंद्र प्रसाद, एसडीएम