लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
तीन दिनों से बारिश हो रही है। मंगलवार को शाम तक 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सूरज के दर्शन नहीं हुए। लगातार मौसम खराब रहने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है।
सिद्धार्थनगर : तीन दिनों से बारिश हो रही है। मंगलवार को शाम तक 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सूरज के दर्शन नहीं हुए। लगातार मौसम खराब रहने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है।
बारिश के चलते शहर और ग्रामीण सड़कों पर भी पानी लगा हुआ है। कीचड़ से सड़कों पर निकलना मुश्किल है। नगर पालिका सिद्धार्थनगर के हाइडिल तिराहा के निकट जल-जमाव से आवागमन बाधित हो रहा है। तहसील मुख्यालय के सामने और भी स्थिति बदहाल है। सिचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, नौगढ़ पीएचसी और सिद्धार्थ तिराहे पर पानी लगा हुआ है। यही हाल शोहरतगढ़ और बढ़नी शहर का भी है। जल निकासी की व्यवस्था ठीक न होने से यहां भी सड़कों पर पानी लगा रहा। सोमवार को पूरी रात रिमझिम वर्षा होती रही। मंगलवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। बूंदाबांदी के बीच हल्की व मध्यम बारिश होती रही। इससे पहले दो दिन में 20-20 मिमी तो मंगलवार को 30 मिलीमीटर वर्षा हुई। बरसात के मौसम के कारण तहसील, ब्लाक कार्यालयों में सन्नाटे की स्थिति बनी रही। बाजारों में भी रौनक फीकी रही। दिहाड़ी मजदूरों का कामकाज ठप है तो छोटे-छोटे व्यवसाय करने वाले व्यापारियों के रोजगार पर भी असर पड़ा है। गर्मी से राहत जरूर मिली है, धान की नर्सरी डाल चुके किसानों के लिए बारिश मुफीद साबित हुई है, उन्हें अतिरिक्त सिचाई नहीं करनी पड़ेगी। वर्षा के चलते शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या से लोगों को तरह-तरह की परेशानियां हो रही हैं। वही लोग घरों से बाहर निकले जो जिन्हें बहुत आवश्यक कार्य था। विभिन्न चौराहों पर सुबह में बड़ी संख्या में मजदूर कार्य के लिए आए जरूर, लेकिन अधिकांश को दो दिन की तरह आज भी निराश वापस लौटना पड़ा। इटवा चौराहा पर रामफेर, बाबू राम, मंजर ने बताया कि तीन दिन आ रहे हैं, मगर कहीं कोई काम नहीं मिल रहा है। रिक्शा चालकों में सुनील, राम अवध, कुबेर की स्थिति रही। पूरे दिन मुश्किल से 40-50 रुपये ही कमा सके। छोटे व्यवसाय पर भी बारिश का बुरा प्रभाव पड़ा। वर्षा के कारण इटवा, बिस्कोहर नगर में जल निकासी की समस्या जहां विकट बनी तो ग्रामीण अंचल की स्थिति बद से बदतर हो गई है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले पांच दिनों तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा, जबकि बुधवार को भारी बारिश हो सकती है।