सरकारी भूमि का तैयार होगा लेखा-जोखा, हटेगा कब्जा
सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं है। चाहे कोई कितना भी दंबग हो या प्रभावशाली। कब्जा हटकर रहेगा। इसके लिए प्रशासन की तरफ से कसरत शुरू हो गई है। अकेले सिर्फ नगर पालिका नौगढ़ में करोड़ों की बेशकीमती जमीनों पर कब्जा है। कुछ ने पोखरों पर भी कब्जा जमाया हुआ
सिद्धार्थनगर : सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं है। चाहे कोई कितना भी दंबग हो या प्रभावशाली। कब्जा हटकर रहेगा। इसके लिए प्रशासन की तरफ से कसरत शुरू हो गई है। अकेले सिर्फ नगर पालिका नौगढ़ में करोड़ों की बेशकीमती जमीनों पर कब्जा है। कुछ ने पोखरों पर भी कब्जा जमाया हुआ है।
दैनिक जागरण ने सरकारी भूमि और पोखरों पर कब्जा को लेकर जुलाई में अभियान चलाया था। इसे शासन-प्रशासन ने संज्ञान में लिया है। कुछ जागरुक लोगों ने अखबार की कटिग शासन को भी प्रेषित की थी। अब प्रशासन ने सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। नगरीय निकायों में भूमि कहां है और किसके कब्जे में हैं, इसका ब्योरा तैयार हो रहा है। एक पखवारा के भीतर सभी सूचनाएं जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को निर्देश जारी करते हुए कहा कि नगर पालिका व नगर पंचायत की सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने की शिकायत मिलती रहती है। सभी निकाय क्षेत्र के भीतर सरकारी भूमि का ब्योरा तैयार किया जाए। जिसमें यह बताया जाएगा कि कितनी सरकारी भूमि पर किस-किस प्रकार का कब्जा किया गया है। कितने भू-भाग पर कब्जा किया गया है। सरकारी भूमि पर कब्जा होने की सूचना मिलने के बाद भी अभी तक क्या कार्रवाई की गई है। कितनी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। सभी सूचनाओं की पूरी जानकारी दी जानी है।