केंद्र सरकार का बजट ऐतिहासिक
केंद्र सरकार का बजट ऐतिहासिक है। बजट में स्वास्थ्य परिवहन ढांचे की मजबूती के साथ जल राशन शहर स्वछता मध्यम वर्ग के लिए कई नई योजनाओं का एलान किया गया। इस बजट में टैक्स बीमा किसान उद्योगों पर भी ध्यान दिया गया। पहली बार पहली डिजिटल जनगणना होगी।
सिद्धार्थनगर: केंद्र सरकार का बजट ऐतिहासिक है। बजट में स्वास्थ्य, परिवहन ढांचे की मजबूती के साथ जल, राशन, शहर स्वच्छता, मध्यम वर्ग के लिए कई नई योजनाओं का एलान किया गया। इस बजट में टैक्स, बीमा, किसान, उद्योगों पर भी ध्यान दिया गया। पहली बार पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसके लिए 3,768 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। खलीलाबाद- बहराइच रेल लाइन के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। आकांक्षी जनपद के लिए आधारभूत ढांचे में बदलाव के लिए बजट में इंतजाम है। इसका फायदा जिले को मिलेगा। डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए प्रावधान किया गया है। छोटे करदाताओं के लिए विवाद समाधान समिति गठित किया जाएगा। गेहूं के लिए किसानों को 75,060 और दालों के लिए 10,503 करोड़ का भुगतान किया गया। उज्ज्वला योजना के तहत एक करोड़ लोगों को लाभ दिया जाना है। सांसद पाल ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों के लिए पोर्टल लांच किया जाना है। इस पर बिल्डिग और कंस्ट्रक्टर कामगारों और अन्य कामगारों के बारे में जरूरी जानकारियां इकट्ठी की जाएंगी। 75 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों का टैक्स कम किया गया है। उन्हें आयकर रिटर्न दाखिल करने में छूट दी जाएगी। ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर फंड को 30,000 करोड़ से बढ़ाकर 40,000 करोड़ किया जा रहा है। माइक्रो इरिगेशन फंड को 5,000 करोड़ से बढ़ाकर दोगुना करने का प्रस्ताव है। गैर-सरकारी संगठनों, निजी स्कूलों और राज्यों की साझेदारी से 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित किए जाएंगे। नेशनल रिसर्च फाउंडेशन पर अगले 5 वर्ष में 50,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कुल मिलाकर बजट जनता के लिए बेहद उपयोगी है।