रोजी के लिए फिर परदेस जाने की तैयारी
कोरोना वायरस संक्रमण के डर से मुंबई दिल्ली सूरत आदि महानगर से वापस अपने घर आये लोग अब फिर जाने की तैयारी में लग गये हैं। नौगढ़ रेलवे स्टेशन से 23 से 29 मई तक 49 लोगों ने टिकट बुकिग कराया है। इसमें ज्यादातर यात्री मुंबई और दिल्ली जाने वाले हैं।
सिद्धार्थनगर : कोरोना वायरस संक्रमण के डर से मुंबई, दिल्ली, सूरत आदि महानगर से वापस अपने घर आये लोग अब फिर जाने की तैयारी में लग गये हैं। नौगढ़ रेलवे स्टेशन से 23 से 29 मई तक 49 लोगों ने टिकट बुकिग कराया है। इसमें ज्यादातर यात्री मुंबई और दिल्ली जाने वाले हैं। हालांकि कई ऐसे लोग हैं जो ट्रेन से सफर नहीं करना चाहते। निजी साधन से ही वापस जाएंगे।
..
जाना तो पड़ेगा ही
कपिलवस्तु क्षेत्र के बिहरा निवासी बशीर अहमद का मुंबई के थाणे में खुद का व्यापार है। उन्होंने कहा बिजनेस है जाना तो पड़ेगा ही। इसी तरह अब्दुल बासिद, पिटू, जहीर मुंबई के अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। लोगों ने बताया कि कोरोना की स्थिति सामान्य होने पर जाएंगे। अगर जाएंगे नहीं तो घर परिवार का खर्च कैसे चलेगा। अभी रेल टिकट तब बुक कराएंगे जब देश की स्थिति सामान्य होगी।
...
निजी साधन से जाने की कर रहे तैयारी
सदर तहसील के बसौना निवासी सुभाष यादव ने बताया कि मुंबई के वसई में रहकर सामानों की ढुलाई का काम करते हैं। वहां जाएंगे नहीं तो घर खर्च और धंधा कैसे चलेगा। ट्रेन से नहीं हालत सामान्य होने पर निजी साधन से जाएंगे।
...
नगर पंचायत उसका के मथुरा नगर वार्ड निवासी अश्वनी पांडेय ने बताया कि सूरत में कपड़े की फैक्ट्री में कॉन्ट्रैक्ट का काम करते हैं। महीने में 30 से 35 हजार कमाई हो जाती है। दो महीने से घर पर हूं। परिवार के भरणपोषण के लिए अपने साधन से ही जाना पड़ेगा।