विद्युत आपूर्ति के बहाने यहां तो मौत का इंतजाम
बेलौहा कस्बे विद्युत आपूर्ति के नाम पर विभाग ने मौत का इंतजाम कर दिया है। 20 से 25 घरों की छतों से गुजरे हाइटेंशन तारों से भवन स्वामियों में भय व्याप्त रहता है।
सिद्धार्थनगर: बेलौहा कस्बे विद्युत आपूर्ति के नाम पर विभाग ने मौत का इंतजाम कर दिया है। 20 से 25 घरों की छतों से गुजरे हाइटेंशन तारों से भवन स्वामियों में भय व्याप्त रहता है। कई बार तहसील समाधान दिवस व उच्चाधिकारियों तक से इसकी शिकायत की गई पर अभी तक इसका कोई समाधान नहीं हो सका।
बेलौहा बाजार में रखे बड़े ट्रांसफार्मर से अस्पताल के पीछे तक 11000 हजार के तारों को बिछाया गया है। जो लोगों की छतों व मकानों को टच करते हुए गया है। इससे लोगों में हमेशा जान जोखिम का डर बना रहता है। करीब दस माह पूर्व इसी तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत भी हो चुकी है। जिसके बाद विभाग ने इसे हटाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन यह आजतक नहीं हटा। भगवान दास, राम सुभग गुप्ता, रोहित, बलिराम गुप्ता, गोपाल आदि ने बताया कि हम लोगों के घरों के ऊपर से गुजर रहे हाइवोल्टेज तार से परिवार का कौन सा सदस्य असमय काल के गाल में समा जाए कुछ कहा नहीं जा सकता है। विभाग सड़क के किनारे से इस तार को ले जाए तो हम सब सुरक्षित हो जाएं। पर वह जैसे किसी बड़ी दुर्घटना की ताक में है।
विद्युत वितरण खंड बांसी एसडीओ रितेश प्रसाद ने कहा कि लोगों के घरों को छूते हुए विद्युत तार कदापि नहीं जाना चाहिए। मैं खुद इसे देख लेता हूं। और इसके कैसे लोगों के घरों से दूर करके गुजारा जा सकता, इसकी योजना बना जल्द ही हटवाने का प्रबंध करता हूं।