तार पर गिरा पेड़, ठप रही आधे शहर की बिजली आपूर्ति
बुधवार की देर रात शहर के आधे हिस्से में बिजली की आपूर्ति ठप रही। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सुबह होने पर सिचाई विभाग के दफ्तर के पास गिरे पेड़ को हटाने की कोशिश शुरू की। दोपहर बाद पेड़ को हटाकर टूटे तार को जोड़ा। इसके पश्चात आपूर्ति बहाल हो सकी।
सिद्धार्थनगर: बुधवार की देर रात शहर के आधे हिस्से में बिजली की आपूर्ति ठप रही। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सुबह होने पर सिचाई विभाग के दफ्तर के पास गिरे पेड़ को हटाने की कोशिश शुरू की। दोपहर बाद पेड़ को हटाकर टूटे तार को जोड़ा। इसके पश्चात आपूर्ति बहाल हो सकी।
शहर के दक्षिणी हिस्से में बुधवार की रात को अचानक बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। जिससे वन विभाग गेस्ट हाउस, कांशीराम आवास आदि मोहल्ले के उपभोक्ता प्रभावित हुए। लोगों ने उपकेंद्र से जानकारी चाही तो सीयूजी नंबर पर काल नहीं लगा। किसी तरह उमस भरी गर्मी में लोगों को रात बितानी पड़ी। सुबह होने पर लोगों ने बिजली सप्लाई ठप होने की जानकारी विद्युत विभाग को दी। शहर के थरौली निवासी रामकेश, दीपक आदि ने बताया कि रात में तेज हवा चलने के साथ बारिश शुरू हुई। इसके पश्चात बिजली की सप्लाई ठप हो गई। जो गुरुवार को दोपहर बाद बहाल हो सकी। नौगढ़ उपकेंद्र के दक्षिणी फीडर के जेई यादवेंद्र राय ने बताया कि पेड़ गिरने से बिजली की सप्लाई ठप हुई थी। करीब दो हजार कनेक्शनधारी प्रभावित हुए। गिरे पेड़ को हटवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।