92 क्रय केंद्रों से होगी 55 हजार एमटी धान की खरीद
इस वर्ष धान की खरीद एक नवंबर से नहीं बल्कि 15 अक्टूबर से शुरू हो गई है। इस खरीद वर्ष में 92 क्रय के सहारे 55 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सिद्धार्थनगर: इस वर्ष धान की खरीद एक नवंबर से नहीं बल्कि 15 अक्टूबर से शुरू हो गई है। इस खरीद वर्ष में 92 क्रय के सहारे 55 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धान की खरीद को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को आंबेडकर सभागार में बैठक कर खरीद से जुडे अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि खरीद केंद्रों पर बिक्री के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि धान खरीद केंद्रों पर शासन की मंशा के तहत छनाई व सफाई आदि का पूरा इंतजाम होना चाहिए। बोरों की कमी न हो इसके लिए पहले सभी जरूरत का आकलन कर पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पंजीकरण के आधार पर ही किसानों को धान समर्थन मूल्य का लाभ दिया जाना चाहिए। 1868 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष 47 केंद्र थे। 40400 एमटी खरीद का लक्ष्य दिया गया था। इस बार केंद्रों की संख्या बढ़ कर 92 हो गई है। जिसमें खाद्य निगम के 13, पंजीकृत समिति के 22, पीसीएफ के 53, कर्मचारी कल्याण निगम में तीन तथा भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र शामिल हैं। क्रय केंद्रों पर शासन की मंशा के तहत किसानों के लिए पूरा इंतजाम किया गया है। सभी केंद्रों को सक्रिय करने का निर्देश जारी कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की गड़बडी मिलने पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी सीताराम सहित खरीद केंद्र से जुडे़ सभी जिम्मेदार मौजूद रहे।