सर्दी शबाब पर, न रैन बसेरे न अलाव
श्रावस्ती : सर्दी अपने शबाब पर पहुंच रही है। इन दिनों रात का तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के बी
श्रावस्ती : सर्दी अपने शबाब पर पहुंच रही है। इन दिनों रात का तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। ऐसे में लोगों को सर छिपाने के लिए छत की जरूरत पड़ने लगी है। इसके लिए सरकार व जिला प्रशासन रैन बसेरे बनाता है, मगर जिले में अभी तक एक भी रैन बसेरा नहीं बना है, और न ही किसी सार्वजनिक स्थल पर कोई अलाव ही जल रहा है। जिसके चलते गरीबों को खुले आसमान के नीचे ठिठुरन में रात गुजारनी पड़ती है।
अलाव न जलने की दशा में जिला चिकित्सालय में आने वाले तीमारदारों को होने वाली परेशानियों को लेकर गत सप्ताह दैनिक जागरण ने एक खबर का प्रकाशन किया था। जिसके बाद आनन-फानन में अस्पताल प्रशासन ने लकड़ियों का इंतजाम कर अलाव जलवाना शुरू किया। लेकिन तीन-चार दिनों बाद यह अलाव भी ठंडे पड़ गए। जिसके बाद एक बार फिर जिला अस्पताल में आए तीमारदारों और गरीबों को ठिठुरन में रात गुजारनी पड़ती है। लगातर बढ़ती ठंड से खुले आसमान के नीचे सोने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। जिले में रैन बसेरे की सुविधा भी अब ठंडे बस्ते में चली गई है। शहर में इस समय कहीं भी प्रशासन द्वारा रैन बसेरे की सुविधा नहीं है। रैन बसेरा न होने के कारण जरूरतमंद लोगों को रात भारी पड़ रही है। रैन बसेरा न होने से खास तौर से गरीब लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इनसेट ===
यह रहा मौसम का हाल
गुरुवार को दिन में खिली धूप जरूर निकली लेकिन 19 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवा ने लोगों को भरपूर ठंड का अहसास कराया। दिन का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान बीस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता अर्थात नमी का प्रतिशत 35 रहा।